Bihar News: मुजफ्फरपुर में युवक की बेरहमी से हत्या, चौड़ से बरामद हुआ शव; सिर में लगी गोली, गर्दन भी कटी
Bihar: मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसके सिर में गोली लगी है और गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर काटा गया है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के बॉर्डर इलाके में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव चैनपुर चिउटाहां और विशुनपुर सरैया गांव के बीच स्थित एक चौड़ से बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसके सिर में गोली लगी है और गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर काटा गया है। शरीर पर अन्य चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया है। पारू और देवरिया थाना की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पढ़ें: बिहटा-सरमेरा टू-लेन पर रफ्तार का कहर: केस अनुसंधान के लिए पटना जा रहे नवादा के एएसआई की सड़क हादसे में मौत
पारू थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि मौके से खून के कई धब्बे मिले हैं, जो हत्या की पुष्टि करते हैं। शव को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और पहचान के लिए सोशल मीडिया व थानों में तस्वीरें सर्कुलेट की जा रही हैं। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी।