Accident Today: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला, भीषण हादसे में एक शख्स और उसकी पत्नी के भाई की मौत
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में रेवा घाट के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शख्स और उसके करीबी रिश्तेदार की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे, वाहन जब्त किया, जबकि चालक फरार है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवा घाट के पास गिरी चौक पर सोमवार की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति और उसकी पत्नी के भाई की जान चली गई, जिससे दो परिवारों में मातम छा गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सरैया के रेवा गांव निवासी विश्वजीत सिंह और उनकी पत्नी के भाई आदित्य कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों बाइक पर सवार होकर छपरा जिले के परशुरामपुर स्थित ससुराल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रेवा घाट के पास गिरी चौक पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
भीषण टक्कर से मौके पर ही टूट गईं सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
पढ़ें- Bihar News: NH-28 पर भीषण सड़क हादसा; ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्री को रौंदा, दोनों की मौत
गांव और ससुराल पक्ष में पसरा मातम
घटना की सूचना जैसे ही रेवा गांव और परशुरामपुर स्थित ससुराल पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और दोनों परिवारों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर सरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी सुभाष मुखिया ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.