Bihar News: पिता को सांप ने डसा, बेटा कोबरा लेकर पहुंचा अस्पताल, मच गया हड़कंप
मुजफ्फरपुर में एक शिक्षक को स्कूल में सफाई करते समय जहरीले कोबरा ने काट लिया। पिता की हालत बिगड़ते देख उनका बेटा ग्रामीणों की मदद से सांप को पकड़कर अस्पताल ले आया।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बेहद हैरतअंगेज मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति को सांप ने काट लिया, जिसके बाद उसका बेटा अपने ग्रामीणों की मदद से अपने पिता के साथ जहरीले सांप कोबरा को भी लेकर अस्पताल पहुंच गया। इस दौरान पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक शिक्षक का नाम नवल किशोर सिंह था, उम्र 48 वर्ष, निवासी पूर्णहियां, शिवहर जिला। घटना के दिन वह स्कूल में सफाई कर रहे थे कि अचानक कोबरा ने उन्हें डस लिया। डसने के बाद उनकी हालत तेजी से खराब होने लगी। स्थानीय ग्रामीणों और बेटे के सहयोग से पहले सांप को पकड़ लिया गया और फिर घायल शिक्षक को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान उनका बेटा केशव कुमार एक डब्बे में जहरीले सांप को लेकर अस्पताल आया और डॉक्टरों को बताया कि इसी सांप ने उनके पिता को काटा है। इस दृश्य को देखकर अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी सकते में आ गए।
पढ़ें- Bihar News: इकलौते भाई की मौत का सदमा नहीं बर्दाश्त कर सकी बहन, जहर खाकर दी जान; परिजनों में मातम
श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान नवल किशोर सिंह की मौत हो गई। सांप के काटने की जानकारी मिलने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन शरीर पर विष का असर बढ़ने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। केशव कुमार ने बताया कि पिता को स्कूल में सफाई के दौरान सांप ने काट लिया था। उन्होंने और ग्रामीणों ने सांप को पकड़कर डब्बे में बंद किया और अस्पताल में डॉक्टरों को दिखाया ताकि यही सांप दवा के हिसाब से पहचाना जा सके। मृतक कोबरा सांप को स्थानीय लोग गेहुंआन भी कहते हैं।