Bihar: भोलेनाथ की भक्ति में डूबे बाबा के भक्त, कांवरिया पथ से लेकर शहर तक हर ओर हर-हर महादेव की गूंज
Bihar: बाबा गरीबनाथ मंदिर के महंत और पुरोहित पंडित अभिषेक पाठक ने बताया कि सावन की दूसरी सोमवारी पर दो लाख से अधिक श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर में अलग-अलग स्थानों पर ठहरने के बाद सभी भक्त रात्रि में मंदिर पहुंचेंगे
विस्तार
सावन महीने की दूसरी सोमवारी को लेकर बाबा गरीबनाथ की नगरी भक्तिमय हो गई है। उत्तर बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए लाखों की संख्या में कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी है। बाबा की भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं से कांवरिया पथ से लेकर शहर की गलियों तक हर जगह भगवा रंग बिखरा हुआ है।
श्रद्धालु पहलेजा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर नाचते-गाते कांवर लेकर मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं। कांवरियों का कारवां तुर्की, दरियापुर, कफेन, बलिया, कुढ़नी और कमतौल एनएच पर हजारों की संख्या में दिखाई दे रहा है। शाम तक सभी श्रद्धालु शहर में प्रवेश कर जाएंगे और रात 12 बजे के बाद बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
दो लाख से अधिक भक्त करेंगे जलार्पण
बाबा गरीबनाथ मंदिर के महंत और पुरोहित पंडित अभिषेक पाठक ने बताया कि सावन की दूसरी सोमवारी पर दो लाख से अधिक श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर में अलग-अलग स्थानों पर ठहरने के बाद सभी भक्त रात्रि में मंदिर पहुंचेंगे और अरघा के माध्यम से बाबा को जल अर्पित करेंगे।
पढ़ें: छत पर सोते समय हाईवोल्टेज तार की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
कांवरियों की सेवा में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में गर्म पानी, चाय, नींबू शरबत, ठंडा पानी सहित प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक कांवरियों की सेवा में लगे हुए हैं। शिविरों में डॉक्टरों की टीम भी तैनात की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्परता से मदद की जा सके।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जलाभिषेक को लेकर जिला प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से विशेष तैयारियाँ की गई हैं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल के साथ-साथ स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई है। मंदिर परिसर और प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है, साथ ही CCTV से निगरानी की जा रही है। शहर में हर तरफ भक्ति का माहौल बना हुआ है। 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से वातावरण गुंजायमान है। भक्तों में उत्साह देखते ही बन रहा है। बाबा गरीबनाथ की नगरी इस समय पूरी तरह से शिवमय हो चुकी है।