Bihar: मुजफ्फरपुर में आग का कहर, कबाड़ गोदाम से उठीं लपटें, 12 दमकल गाड़ियों ने घंटों बाद पाया काबू
मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित बैरिया गोलंबर के पास एक कबाड़ गोदाम और जेसीबी गैरेज में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार तड़के एक बार फिर भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के बैरिया गोलंबर के पास स्थित एक कबाड़ गोदाम और जेसीबी गैरेज में देर रात अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से आसपास के अपार्टमेंट, मकानों और दुकानों में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और पूरी रात लोग दहशत के साए में रहे।
कबाड़ गोदाम से शुरू हुई आग, पूरे इलाके में फैली दहशत
बताया जा रहा है कि आग पहले प्लास्टिक और कबाड़ के गोदाम में लगी, जिसके बाद उसने तेजी से फैलते हुए पास के जेसीबी गैरेज को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा और इलाके में हड़कंप मच गया।
कई जिलों से बुलानी पड़ी दमकल की गाड़ियां
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस और जिला अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की भयावहता को देखते हुए हाजीपुर, समस्तीपुर और मोतीपुर फायर स्टेशन से भी दमकल वाहनों को बुलाया गया। करीब 12 दमकल गाड़ियों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी, एसडीएम तुषार कुमार और सीडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। जेसीबी गैरेज के मालिक मुकेश कुमार ने बताया कि रात में उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके वर्कशॉप में आग लग गई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो आग विकराल रूप ले चुकी थी। उन्होंने बताया कि एक जेसीबी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि दूसरी जेसीबी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है। उनके अनुसार आग पहले पास के प्लास्टिक और कबाड़ गोदाम में लगी थी, जिसके बाद पूरे इलाके में फैल गई।
ये भी पढ़ें- पटना वालों को लगा झटका, नगर निगम ने वार्षिक किराए मूल्य में की 15% की बढ़ोतरी
पुलिस और अग्निशमन विभाग का बयान
सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी और अग्निशमन विभाग की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी रही। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं अग्निशमन विभाग के अधिकारी आर.एन. तिवारी ने बताया कि कबाड़ गोदाम में लगी आग काफी भीषण थी। आग बुझाने के लिए शुरुआत में 5 बड़ी और 3 छोटी दमकल गाड़ियों को लगाया गया था, बाद में अन्य जिलों से भी सहायता ली गई। उन्होंने बताया कि मुख्य आग पर काबू पा लिया गया है, हालांकि कुछ स्थानों पर धधक रही आग को पूरी तरह बुझाने का काम अभी भी जारी है। इस भीषण अग्निकांड में बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान हुआ है, लेकिन राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुट गया है।