बिहार: मुजफ्फरपुर के अप्सरा मार्केट में कई दुकानों पर छापा, एप्पल के नाम पर बिक रहे डुप्लीकेट सामान जब्त
मुजफ्फरपुर के अप्सरा मार्केट में Apple कंपनी की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने कई दुकानों में छापेमारी कर डुप्लीकेट चार्जर, केबल, बैक पैनल और कवर समेत सामान जब्त किया। पुलिस अब डुप्लीकेट सामान के स्रोत और कारोबार में शामिल दुकानदारों की जानकारी जुटा रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर शहर के चर्चित मोबाइल मार्केट अप्सरा मार्केट में शनिवार देर शाम नगर थाना पुलिस ने एक साथ कई दुकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई Apple कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर की गई। कंपनी के प्रतिनिधियों ने पुलिस को बताया कि बाजार में Apple के नाम और डिजाइन वाले डुप्लीकेट मोबाइल एसेसरीज बेचे जा रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, दुकानों में डुप्लीकेट चार्जर, केबल, बैक पैनल, कवर समेत अन्य सामान बेचे जा रहे थे। कंपनी के प्रतिनिधियों का कहना था कि हजारों रुपये में मिलने वाले ओरिजिनल सामान के स्थान पर डुप्लीकेट उत्पाद बेहद कम कीमत पर बेचे जा रहे हैं। उदाहरण के तौर पर 20 से 22 हजार रुपये में मिलने वाले ओरिजिनल बैक पैनल की जगह करीब 500 से 700 रुपये में डुप्लीकेट पैनल बेचे जाने की बात सामने आई है।
Apple कंपनी की शिकायत थी कि उसके ब्रांड के नाम और डिजाइन का इस्तेमाल कर डुप्लीकेट एसेसरीज बाजार में बेची जा रही हैं। शिकायत के आधार पर नगर थाना पुलिस ने कई दुकानों में छापेमारी की और भारी मात्रा में संदिग्ध डुप्लीकेट सामग्री जब्त की।
पुलिस के अचानक मार्केट पहुंचने पर कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर चले गए। इसके बाद पुलिस ने दुकानों से मिले सामान को जब्त कर थाने पहुंचाया। छापेमारी के बाद जब्त सामान का कंपनी के प्रतिनिधियों से मिलान कराया गया। प्रतिनिधियों ने सामान की जांच भी की। कंपनी की शिकायत में इस मामले को कॉपीराइट से जुड़ा बताया गया है।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए नगर थाना के थानेदार जय प्रकाश सिंह ने बताया कि Apple कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। मौके से कई दुकानों से सामान जब्त किया गया है। जब्त सामान की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि डुप्लीकेट सामान कहां से लाकर मार्केट में बेचा जा रहा था और इस कारोबार में कितने दुकानदार शामिल हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।