Bihar Election: मुजफ्फरपुर में NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में हंगामा, पोस्टर-बैनर को लेकर भिड़े BJP कार्यकर्ता
Bihar Election 2025: बीजेपी के एक गुट का आरोप है कि सम्मेलन में कुछ नेताओं को विशेष तवज्जो दी जा रही है, जबकि उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। यही कारण है कि विवाद की स्थिति बनी। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के के क्लब मैदान में शुक्रवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। कार्यक्रम में बीजेपी के दो गुटों के कार्यकर्ता पोस्टर-बैनर को लेकर आपस में भिड़ गए, जिसके चलते अफरातफरी का माहौल बन गया।
मामले को लेकर जानकारी मिली है कि बीजेपी नेता सावन पांडे के समर्थक बड़ी संख्या में अपने नेता के पोस्टर-बैनर लेकर सम्मेलन स्थल पर पहुंचे थे। इस पर बीजेपी के दूसरे गुट के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई और कहा कि सम्मेलन में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए का प्रचार सामग्री ही चलेगा। इसके बाद दोनों गुटों में नोकझोंक शुरू हो गई और हंगामा मच गया।
पढ़ें; जमुई में तालाब में डूबने से युवक की मौत, 15 दिन के नवजात से छिन गया पिता का साया
बीजेपी के एक गुट का आरोप है कि सम्मेलन में कुछ नेताओं को विशेष तवज्जो दी जा रही है, जबकि उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। यही कारण है कि विवाद की स्थिति बनी। वहीं, पूर्वी जिला भाजपा अध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन एनडीए और बीजेपी का सामूहिक कार्यक्रम है। इसमें किसी भी नेता का निजी बैनर-पोस्टर लगाने की अनुमति नहीं है। इसी कारण पोस्टर लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं को रोका गया।
इस दौरान मंच पर बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, बीजेपी सांसद संजय जयसवाल, समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी सहित कई दिग्गज नेता मौजूद थे। स्थिति को संभालने के लिए केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद और मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक बवाल का माहौल बना रहा।