Bihar Crime: महिला और तीन बच्चों की मौत, अपहरणकर्ता और प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद पति भी संदेह के घेरे में
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में महिला ममता देवी और उनके तीन बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने अपहरणकर्ता और मृतका के प्रेमी आमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच सुसाइड और हत्या दोनों के पहलुओं पर कर रही है और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में महिला ममता देवी और उनके तीन बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने इस कांड में शामिल अपहरणकर्ता और मृतका के प्रेमी आमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आमोद कुमार को उसके ही गांव, मीनापुर थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव से पकड़ लिया गया। पुलिस मामले की जांच में सुसाइड और हत्या दोनों के बिंदुओं पर संशय बनाए हुए है और पोस्टमार्टम तथा एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए
जानकारी के अनुसार, अहियापुर थाना क्षेत्र के ऑटो चालक कृष्ण मोहन ने 12 जनवरी को अपनी पत्नी ममता और तीन बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। 15 जनवरी को चंदवारा पुल के समीप बूढ़ी गंडक नदी से ममता देवी और उनके तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी की विशेष टीम ने जांच तेज कर दी। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि ममता देवी का आमोद कुमार के साथ लंबे समय से करीबी संबंध था और दोनों के बीच मोबाइल पर लगातार बातचीत होती थी। जांच में दोनों की कई तस्वीरें भी प्राप्त हुईं।
पुलिस इन बिंदुओं पर कर रही जांच
पूछताछ में आमोद कुमार ने स्वीकार किया कि ममता के लापता होने के अगले दिन उसने मृतका के पति से बातचीत की थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कहीं आमोद ने ममता को धोखा दिया या उसे रास्ते से हटाने की कोई साजिश रची गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला सामूहिक आत्महत्या का है या हत्या का।
ये भी पढ़ें- Bihar: सरकार ने प्रभारी मंत्रियों की लिस्ट जारी की, सम्राट को पटना, इन मंत्रियों को दो-दो जिलों की जिम्मेदारी
सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच जारी है। मृतका के पति को भी नोटिस जारी किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में संलिप्त दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।