Bihar: मुजफ्फरपुर में अनुकंपा पर 138 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, डिप्टी सीएम ने कहा- सब खुशहाल रहें
Bihar: नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी के आंसू झलक उठे। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद आज उनका सपना पूरा हुआ है। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल ने उनके परिवार में खुशी का माहौल बना दिया है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार शाम एमआईटी परिसर के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। इस मौके पर बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में लिपिक एवं विद्यालय परिचारी के पदों पर चयनित 138 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा।
नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी के आंसू झलक उठे। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद आज उनका सपना पूरा हुआ है। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल ने उनके परिवार में खुशी का माहौल बना दिया है।
इस अवसर पर पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पूर्व मंत्री एवं औराई विधायक रामसूरत राय, एमएलसी वंशीधर व्यास्वासी, जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, डीडीसी श्रेष्ठ अनुपम, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, सिटी एसपी कोटा किरण कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
पढ़ें: 'उनके शासन काल में लोगों को साइकिल नसीब नहीं थी, आज मोटरसाइकिल...', राहुल गांधी पर शाहनवाज हुसैन का तंज
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा विभाग में सेवा करना अत्यंत जिम्मेदारी का कार्य है। जिन लोगों ने सरकारी सेवा में रहते हुए अपने परिजनों को खोया है, सरकार हमेशा ऐसे परिवारों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि आप सभी पहली बार शिक्षा विभाग से जुड़ रहे हैं, अनुभव भले कम हो लेकिन ऊर्जा और उत्साह से आप अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभा सकते हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि शिक्षा विभाग समाज का सबसे महत्वपूर्ण विभाग है और समाज एवं देश की प्रगति का आधार शिक्षा ही है। इसलिए विभाग द्वारा जो भी दायित्व दिए जाएंगे, उन्हें निष्ठा और ईमानदारी से पूरा करना होगा।