Bihar: घर लौट रहे युवक से अपराधियों ने लूटी बाइक, विरोध करने पर पैर में मारी गोली; जांच में जुटी पुलिस
Bihar: मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र में घर लौट रहे एक युवक को बदमाशों ने गोली मारकर उसकी बाइक लूट ली। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन प्रखंड क्षेत्र में बुधवार देर रात बदमाशों ने एक युवक के पैर में गोली मारकर उसकी बाइक लूट ली। युवक काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। वह कांटी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। इसी दौरान बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने पहले युवक से बाइक की चाबी मांगी और विरोध करने पर उसे गोली मार दी। गोली लगने से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
रूपौली चौक के पास वारदात
घटना मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन प्रखंड क्षेत्र के करजा थाना इलाके के रूपौली चौक के पास की बताई जा रही है। बुधवार देर रात अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे युवक को तीन की संख्या में आए बदमाशों ने पहले ओवरटेक किया, फिर उसके पैर में गोली मारकर बाइक लूट ली। गोली लगने से घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक कांटी थाना क्षेत्र के चकबड़कुरवा पानापुर हवेली का रहने वाला बताया जा रहा है।
पान खाने के दौरान अपराधियों ने बोला हमला
बताया जा रहा है कि युवक शहर के जूरन छपरा से काम कर घर लौट रहा था। इसी दौरान वह रूपौली चौक पर पान खाने के लिए रुका था। तभी दो बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने पहले युवक से बाइक की चाबी मांगी। युवक के मना करने पर एक बदमाश ने उसके पैर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही करजा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच तेज कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें: सहरसा में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो की मौत, एक की हालत नाजुक
पुलिस ने बरामद किया खोखा
इस घटना को लेकर करजा थाना के थानेदार रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि गोली लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। मौके से एक खोखा बरामद किया गया है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, घायल युवक का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.