Bihar News: खरना के दिन मुजफ्फरपुर में फल बाजार पटे, महंगाई के बीच दिखा भक्तों का अटूट उत्साह
लोक आस्था के महापर्व छठ का आज दूसरा दिन है। छठी मईया के पूजन को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। आज खरना मनाया जा रहा है और भक्त बड़ी श्रद्धा के साथ तैयारी में जुटे हैं। सुबह से ही लोग घरों से निकलकर बाजारों में जमकर खरीदारी कर रहे हैं। शहर के प्रमुख फल बाजार कंपनी बाग, नई बाजार, ज़ीरो माइल, बाजार समिति, बैरिया रोड ब्रह्मपुरा, लक्ष्मी चौक और अघोरिया बाजार फलों से पट गए हैं।
फलों की बढ़ी हुई कीमत को लेकर श्रद्धालुओं में थोड़ी मायूसी जरूर दिखी, लेकिन इसके बावजूद उनके उत्साह में कोई कमी नहीं है। फल व्यापारियों ने इस बार बड़ी खेप मंगाई है ताकि बढ़ती मांग पूरी की जा सके। शहर के विभिन्न बाजारों में छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल केला, सेव, नारियल, संतरा, अनन्नास, नाशपाती, पानीफल के साथ खाजा की दुकानें भी सज गई हैं। लोग परिवार सहित खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
पढे़ं; 'वो तीनों-चारों जेल जा रहे', तेजस्वी से सूरजभान तक किसके बारे में क्या बोले अनंत सिंह?
स्थानीय खरीदारों ने बताया कि इस वर्ष फलों की कीमतें आसमान छू रही हैं, लेकिन आस्था के आगे महंगाई की कोई औकात नहीं। एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि छठ मईया की अपनी महिमा है, इसमें कोई कमी करना ठीक नहीं। चाहे महंगाई कितनी भी क्यों न बढ़ जाए, भगवान भास्कर और छठी मईया सब बेरा पार लगा देती हैं। शाम को छठ व्रती खरना प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही छठ पूजा की विधिवत शुरुआत हो जाएगी