Bihar News: नीट छात्रा हत्याकांड के विरोध में कैंडल मार्च, आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने समेत की ये बड़ी मांग
मुजफ्फरपुर में नीट छात्रा हत्याकांड के विरोध में सनातन सेवक संस्थान के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों ने कैंडल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने और पीड़िता को न्याय देने की मांग की।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में सनातन सेवक संस्थान के बैनर तले विभिन्न संगठनों ने संयुक्त रूप से कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की। यह कैंडल मार्च शहर के अमर शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल से शुरू होकर जिला समाहरणालय तक निकाला गया, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए।
कैंडल मार्च का आयोजन पटना में हुई नीट की छात्रा की हत्या के आरोपियों को फांसी देने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि यह मार्च सरकार को स्पष्ट संदेश देने के लिए है। यदि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं दी गई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा और विरोध को और तेज किया जाएगा।
इसके बाद कैंडल मार्च अमर शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल से भारत माता नमन स्थल तक पहुंचा, जहां मृतका छात्रा की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
ये भी पढ़ें-Bihar : बजट पर रोहिणी आचार्या का तीखा हमला, पुराने सामान को नए डिब्बे में परोसा; बिहार की अनदेखी का लगाया आरोप
इस मौके पर सनातन सेवक संस्थान के संरक्षक प्रभाकर कुमार, जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। वहीं हिंदूवादी नेता वैभव मिश्रा, चिकित्सक डॉ. गौरव वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता धर्मवीर शुक्ला और सावन पांडेय सहित कई प्रमुख लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान डॉ. गौरव वर्मा ने कहा कि यदि सरकार जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो अब बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी एकजुट होकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 3 फरवरी से जहानाबाद के पटियावा से पटना तक पैदल मार्च करने का निर्णय लिया गया है।