{"_id":"6afd4f859c8e91aecd05c100","slug":"bihar-vaishali-ex-cm-nitish-kumar-folds-hands-on-question-about-nitish-setu-naming-leaves-without-answering-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1236-4945931-2026-11-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिहार: पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने किस बात पर जोड़ लिए हाथ? बिना जवाब दिए निकले, लोगों ने लगाए नारे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिहार: पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने किस बात पर जोड़ लिए हाथ? बिना जवाब दिए निकले, लोगों ने लगाए नारे
Wed, 18 Nov 2026 02:02 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाजीपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाजीपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Wed, 18 Nov 2026 02:02 PM IST
सार
Bihar News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने वैशाली में एक सवाल पर हाथ जोड़ लिया। नीतीश सेतु के नामकरण पर उनसे सवाल पूछा गया था। सवाल सुनते ही पूर्व सीएम ने हाथ जोड़े और निकल गए।
विज्ञापन
बिहार के पुर्व मुख्यमंत्री
विस्तार
वैशाली जिला कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल का नाम अपने नाम पर रखे जाने को लेकर जब मीडिया ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने हाथ जोड़ लिया और बिना कोई जवाब दिए आगे बढ़ गए। उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
विज्ञापन
बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड के बनघारा गांव पहुंचे थे। यहां वे संतोष कुमार कुशवाहा के पिता के श्राद्ध कर्म में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत आत्मा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ हैं।
विज्ञापन
इस दौरान जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, राजापाकर विधायक महेंद्र राम समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। गांव में पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पहले से ही लोगों में उत्साह था। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे।
विज्ञापन
मीडिया के सवाल पर नहीं दी प्रतिक्रिया
श्राद्ध कार्यक्रम से निकलते समय पत्रकारों ने उनसे पूछा कि गंगा नदी पर बने सिक्सलेन पुल का नाम उनके नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा जा रहा है, इस पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है? इस सवाल पर नीतीश कुमार ने कुछ देर रुककर हाथ जोड़कर नमस्कार किया और बिना कुछ बोले वहां से रवाना हो गए। इस बात पर भी नीतीश के समर्थकों ने वहां उनका जयघोष किया। उनके साथ चल रहे नेता भी इस सवाल पर कुछ नहीं बोले। बता दें कि पुल के नामकरण को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही है।
21 नवंबर को पीएम करेंगे नीतीश सेतु का उद्घाटन
पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर तक गंगा नदी पर बने छह लेन महासेतु का नाम नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा गया है। इस पुल का उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित है। उद्घाटन को लेकर राघोपुर और राजापाकर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। लगभग 4,988 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना की कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर मुख्य पुल की लंबाई लगभग 9.76 किलोमीटर है। पुल की चौड़ाई करीब 32 मीटर है और यह छह लेन का है।
इस महासेतु के चालू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को राजधानी पटना आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा तथा महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव भी कम होगा। किसानों और व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बनघारा गांव में प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रही। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे। श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नीतीश कुमार वहां से रवाना हो गए।
