Bihar: सरकारी योजना के नाम पर ठगी, मोतिहारी में एनएसयूआई नेता पकड़ा गया; मोबाइल से मिली पाक नंबरों पर चैटिंग
Bihar News: ग्रामीणों से कहा गया कि इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक में खाता खुलवाने पर हर माह सरकार की ओर से 500 रुपये मिलेंगे। इसी बहाने बड़ी संख्या में खाते खुलवाए गए। मामला तब खुला जब खाताधारकों ने पासबुक मांगी, लेकिन आरोपित लगातार टालते रहे। बाद में पुलिस द्वारा नोटिस जारी करने पर ठगी का राजफाश हुआ।
विस्तार
मोतिहारी जिले में एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इसका मास्टरमाइंड एनएसयूआई से जुड़ा नेता अमन कुमार और केसरिया प्रखंड के एक सरपंच का पुत्र विशाल कुमार बताया जा रहा है। इस गिरोह का तार पाकिस्तान से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच अब केंद्रीय एजेंसियां कर रहीं हैं।
जानकारी के अनुसार, मामला बीजधरी और केसरिया थाना क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन गांवों से जुड़ा है। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी की गई थी। आरोप है कि गिरोह के सरगना अमन कुमार, जो मध्यप्रदेश में रहकर पढ़ाई करता था और एनएसयूआई संगठन से जुड़ा रहा है, हाल ही में मोतिहारी आया और सरपंच मोहन दास के पुत्र विशाल कुमार के साथ मिलकर ठगी शुरू की।
पढ़ें: कैमूर के हरसू ब्रह्म स्थान में नवरात्र पर लगता है भूतों का मेला, उमड़ती है भक्तों की भीड़
ग्रामीणों से कहा गया कि इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक में खाता खुलवाने पर हर माह सरकार की ओर से 500 रुपये मिलेंगे। इसी बहाने बड़ी संख्या में खाते खुलवाए गए। मामला तब खुला जब खाताधारकों ने पासबुक मांगी, लेकिन आरोपित लगातार टालते रहे। बाद में पुलिस द्वारा नोटिस जारी करने पर ठगी का राजफाश हुआ।
साइबर थाना की टीम ने जब अमन को पकड़ा और पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि उसकी सोशल मीडिया पर दोस्ती इरशाद नामक व्यक्ति से हुई थी। इरशाद ही उससे लोगों के खाते उपलब्ध कराने को कहता था और इसके बदले अमन को प्रति खाता 5 हजार रुपये व खाते से होने वाले लेनदेन का 15 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि अमन ने अपने दोस्त विशाल को इसमें शामिल किया और फिर दोनों ने निखिल और सद्दाम के साथ मिलकर गांवों में खाते खुलवाना शुरू किया। पुलिस ने गिरफ्तार अमन और विशाल के मोबाइल से पाकिस्तानी नंबरों पर संदिग्ध व्हाट्सएप चैटिंग भी बरामद की है। गिरोह के तार पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैले होने की बात भी सामने आई है।