Bihar: बेटी की एक कॉल के बाद खत्म हो गई जिंदगी, रात में पिता से मांगा था सहारा, सुबह मिली लाश
Bihar: वैशाली जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र के असाधरपुर गांव में एक विवाहिता गुंजन कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल से बरामद हुआ। मृतका के पिता ने पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
वैशाली जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र के असाधरपुर गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल से बरामद किया गया है। महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में काफी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलते ही काजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के परिजनों से पूछताछ के बाद मामले की जांच में जुट गई। मृतका की पहचान असाधरपुर गांव निवासी सुमन कुमार की पत्नी गुंजन कुमारी के रूप में हुई है।
मृतका के पिता ने लगाया हत्या का आरोप
इस संबंध में मृतका के पिता रामेश्वर पासवान ने बताया कि गुंजन की शादी वर्ष 2020 में सुमन कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ वर्षों बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार की रात गुंजन ने फोन कर बताया था कि सुमन किसी लड़की को घर लेकर आया है। इसी बात को लेकर मृतका के पिता अपने परिजनों के साथ बेटी के ससुराल जाने के लिए निकल ही रहे थे कि तभी फोन पर सूचना मिली कि गुंजन की मौत हो गई है।
संदिग्ध अवस्था में पड़ा था शव
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो देखा कि गुंजन का शव संदिग्ध अवस्था में घर में पड़ा था और उसकी गर्दन पर फंदे का निशान था। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उसके पति ने गला दबाकर उसकी हत्या की है और घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गए।
एफएसएल टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही काजीपुर थाना प्रभारी विजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस दौरान एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच के दौरान कुछ सैंपल एकत्र कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें: हत्या के आरोपी की बिहार में गोली मारकर हत्या, जमानत पर छूटे शख्स को घेरकर मारा
क्या कहते हैं पदाधिकारी?
इस संबंध में काजीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि असाधरपुर गांव में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल से बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.