Bihar: केंद्रीय मंत्री का दावा- बिहार में मिली जीत से आतंक का राज खत्म, 2025 में 220 सीटों पर जीत का लक्ष्य
Bihar Politics: ललन सिंह ने कहा कि प्रशांत किशोर जैसे लोग आते हैं, बाजार में अपनी दुकान लगाते हैं, थोड़ी देर जनता को भ्रमित करते हैं और फिर दुकान समेट कर चले जाते हैं। पढ़ें पूरी खबर...।
विस्तार
केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने मुजफ्फरपुर में बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने बिहार में एनडीए की हालिया चुनावी जीत को आतंक के युग का अंत बताया। मंत्री ने कहा कि गया के बेलागंज जैसी सीटें, जो वर्षों से आतंक के साए में थीं, अब एनडीए की जीत से मुक्त हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए ने चार सीटों पर जीत दर्ज करके यह साबित कर दिया है कि बिहार की जनता ने पीएम नरेंद्र मोदी और एनडीए में अटूट विश्वास जताया है।
प्रशांत किशोर पर तीखा हमला
ललन सिंह ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) पर कटाक्ष करते हुए उन्हें ‘बाजार में दुकान लगाने वाला’ बताया। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर जैसे लोग आते हैं, बाजार में अपनी दुकान लगाते हैं, थोड़ी देर जनता को भ्रमित करते हैं और फिर दुकान समेट कर चले जाते हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पीके की संभावित भूमिका पर भी तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति टिकाऊ नहीं है।
एनडीए की चुनावी जीत को बताया बदलाव का संकेत
ललन सिंह ने कहा कि गया के बेलागंज जैसे इलाके, जो आतंक और भय का केंद्र माने जाते थे, अब एनडीए की जीत से लोकतंत्र के प्रकाश में आ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि एनडीए ने सिर्फ बिहार में ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी बड़ी जीत हासिल की है। यह पीएम मोदी की लोकप्रियता और एनडीए के प्रति जनता के विश्वास का परिणाम है।
2025 में 220 सीटों का लक्ष्य
ललन सिंह ने कहा कि बिहार में 2025 का विधानसभा चुनाव एनडीए के लिए नया मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनडीए अगले चुनाव में 220 सीटों का आंकड़ा पार करेगा।
झारखंड की हार पर जवाब
जब झारखंड में एनडीए की हार के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे टालते हुए कहा कि आप बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में मिली बड़ी जीत को देखिए। यही संकेत है कि एनडीए की ताकत और लोकप्रियता बढ़ रही है।
उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि हालिया चुनावी जीत ने उनके कद को और ऊंचा किया है। उन्होंने दावा किया कि 2025 में बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी, और यह जीत हमारी हाल की उपलब्धियों का विस्तार होगी। ललन सिंह ने तिरहुत स्नातक चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि देवेश जी ने लगातार जीत दर्ज करके क्षेत्र में एनडीए की पकड़ मजबूत की है।