Railway: पटना और दरभंगा से दक्षिण भारत और गुजरात के लिए रेलवे की नई सुविधा, कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन; जानें
Railway: रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले समय सारणी की पुष्टि कर लें और टिकट आरक्षण समय पर कराकर यात्रा की योजना बनाएं। इन ट्रेनों के संचालन से बिहार के यात्रियों को दक्षिण भारत और गुजरात की ओर आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
विस्तार
21 जुलाई 2025: यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। इनमें एक नई स्पेशल ट्रेन पटना और एरणाकुलम (केरल) के बीच चलाई जा रही है, वहीं अहमदाबाद से पटना और दरभंगा के लिए चल रही क्लोन स्पेशल ट्रेनों की सेवा को भी अगले आदेश तक बढ़ा दिया गया है।
पटना और एरणाकुलम के बीच चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन झाझा, आसनसोल, भुवनेश्वर, विजयवाड़ा, पेरम्बूर (चेन्नई), काटपाडी और कोयम्बत्तूर के रास्ते चलेगी। यह ट्रेन संख्या 06085/06086 के तहत चलेगी। ट्रेन संख्या 06085 एरणाकुलम से 25 जुलाई 2025 से 15 अगस्त 2025 तक हर शुक्रवार रात 11 बजे रवाना होगी और सोमवार की सुबह 3:30 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 06086 पटना से 28 जुलाई 2025 से 18 अगस्त 2025 तक हर सोमवार रात 11:45 बजे खुलकर गुरुवार सुबह 10:30 बजे एरणाकुलम पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिसमें एक द्वितीय वातानुकूलित (AC-II), दो तृतीय वातानुकूलित (AC-III), 13 शयनयान (स्लीपर) और चार सामान्य कोच होंगे।
अहमदाबाद-पटना और अहमदाबाद-दरभंगा क्लोन स्पेशल
वहीं, गुजरात से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अहमदाबाद-पटना और अहमदाबाद-दरभंगा के बीच चल रही क्लोन स्पेशल ट्रेनों की सेवा को भी जारी रखने का निर्णय लिया गया है। अहमदाबाद-पटना क्लोन स्पेशल (09447/09448) दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, कानपुर, आगरा फोर्ट और कोटा के रास्ते चलाई जाती है। यह ट्रेन अब अगले आदेश तक जारी रहेगी। गाड़ी संख्या 09447 अहमदाबाद से हर बुधवार को शाम 7:25 बजे रवाना होकर शुक्रवार को रात 12:30 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 09448 पटना से हर शुक्रवार रात 10:30 बजे रवाना होकर रविवार सुबह 2:20 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
पढ़ें: विशेष गहन पुनरीक्षण को खत्म किया जाए, सिर्फ सुधारा नहीं जाए; पटना में हुई जन सुनवाई में उठी मांग
इसके अलावा अहमदाबाद-दरभंगा क्लोन स्पेशल (09465/09466) ट्रेन समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा, अयोध्या कैंट, लखनऊ और झांसी के रास्ते चलती है। यह ट्रेन भी अगले आदेश तक चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 09465 अहमदाबाद से हर शुक्रवार रात 8:25 बजे खुलकर रविवार सुबह 10:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09466 दरभंगा से हर सोमवार तड़के 3:00 बजे रवाना होकर मंगलवार शाम 4:25 बजे वटवा स्टेशन पर आंशिक रूप से समाप्त होगी। अहमदाबाद स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण फिलहाल यह ट्रेन अहमदाबाद तक नहीं जा रही है।