Bihar News: ससुराल में सोए युवक पर चचेरे ससुर ने किया चाकू से हमला, हालत गंभीर; पुलिस जांच में जुटी
Bihar: सूचना मिलने के बाद पटना से पप्पू के परिजन अस्पताल पहुंचे। घायल के भाई ने आरोप लगाया है कि पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर सोए हुए भाई की हत्या करने की साजिश रची गई थी।
विस्तार
हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के अदलबारी ब्रिजगनी गांव में ससुराल आए एक युवक पर रात में सोए अवस्था में चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घायल की पहचान पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित नर्सरी गंज निवासी पप्पू राय (31 वर्ष), पिता रामकृपाल राय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पप्पू अपने भाई के ससुराल अदलबारी गांव आया था। रात में भोजन कर सोने के बाद उसके चचेरे ससुर और उसके दो बेटों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया।
पढ़ें: राजभवन परिसर में राजेन्द्र भवन, राज्यपाल सचिवालय के निर्माण कार्य का शिलान्यास, सीएम नीतीश हुए शामिल
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने पहले पप्पू की गर्दन पर धारदार हथियार (हसूली) रखकर डराने की कोशिश की। जैसे ही उसकी नींद खुली और उसने विरोध किया, आरोपियों ने पेट में चाकू मार दिया। घायल पप्पू राय को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद पटना से पप्पू के परिजन अस्पताल पहुंचे। घायल के भाई ने आरोप लगाया है कि पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर सोए हुए भाई की हत्या करने की साजिश रची गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे पहले से कोई आपसी विवाद था या नहीं।