Bihar Crime: शिवहर में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात, ठेकेदार गुड्डू ठाकुर की गोली मारकर हत्या; इलाके में फैली सनसनी
Bihar Crime: पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और चार खोखे तथा एक जोड़ी चप्पल बरामद किए। मृतक गुड्डू ठाकुर का घर घटनास्थल से मात्र 400 मीटर और घायल वार्ड सदस्य का घर करीब 150 मीटर की दूरी पर स्थित है।पढ़ें पूरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र के दोस्तियां गांव में बुधवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब पैदल आए दो अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में गांव के ठेकेदार देवनारायण ठाकुर के पुत्र गुड्डू ठाकुर (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वार्ड संख्या 8 के सदस्य लालकृष्ण झा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना कैसे हुई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार की दोपहर गुड्डू ठाकुर ने घर पर विश्वकर्मा पूजा सम्पन्न की और इसके बाद निर्माणाधीन नाला का जायजा लेने पहुंचे। उसी समय वार्ड सदस्य लालकृष्ण झा भी वहां पहुंच गए। दोनों बातचीत कर ही रहे थे कि अचानक दो अज्ञात युवक पैदल आए और बिना कुछ कहे अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में गुड्डू ठाकुर को सीने, पेट और जांघ में चार गोलियां लगीं, जबकि वार्ड सदस्य के पैर में गोली लगी।
परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद परिजनों ने दोनों को गंभीर अवस्था में सीतामढ़ी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गुड्डू ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, वार्ड सदस्य का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पढ़ें: मुजफ्फरपुर में 8 दिन से लापता मजदूर का नहीं मिला सुराग, परिवार ने लगाई प्रशासन से गुहार
घटनास्थल से बरामद सबूत
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और चार खोखे तथा एक जोड़ी चप्पल बरामद किए। मृतक गुड्डू ठाकुर का घर घटनास्थल से मात्र 400 मीटर और घायल वार्ड सदस्य का घर करीब 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। वारदात के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सुशील कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुरनहिया और पिपराही थाना की पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू की है। एसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने हालात को देखते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में कैंप करना शुरू कर दिया है।