Bihar News: रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से मिडिल स्कूल के शिक्षक की मौत
रामनगर में तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से मिडिल स्कूल के शिक्षक जयप्रकाश पंडित की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
पश्चिमी चंपारण के गोवर्धन थाना क्षेत्र अंतर्गत सैनिक रोड स्थित बसवरिया टोला के पास गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से सिंगाही मिडिल स्कूल में कार्यरत शिक्षक जयप्रकाश पंडित की जान चली गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
मृतक जयप्रकाश पंडित स्वर्गीय किशोर पंडित के पुत्र थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे रोज़ की तरह शाम के समय घर से दूध लेने निकले थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल शिक्षक को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी जयकुमार ने बताया कि वाहन में सवार चार लोगों में से दो को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। चालक की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
ये भी पढ़िए- Bihar Weather: बिहार के 19 जिलों का पारा आठ डिग्री से नीचे, ठंड और बढ़ेगी; स्कूल बंद करने मांग कर रहे अभिभावक
इस हृदयविदारक घटना से पूरे रामनगर क्षेत्र में शोक व्याप्त है। विद्यालय परिवार, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने जयप्रकाश पंडित की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक सरल, कर्मठ और मिलनसार शिक्षक के निधन से न केवल परिवार बल्कि समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दोषी चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।