मांझी की बेटी पर बहू को मारकर लाश गायब करने का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक सनसनीखेज घटनाक्रम के तहत बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की बेटी पर पुत्रवधु को मारने का मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले में मांझी की बेटी के समधी ने अपनी बेटी की हत्या कर लाश गायब करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार गया के डोल्हा थाने में जहानाबाद जिले के मखदूमपुर के सुगांव निवासी रामदेव मांझी की ओर से दर्ज कराए मुकदमे में मांझी की बेटी सुनैना, उनके पति योगेन्द्र प्रसाद, बेटे विक्की कुमार, दूसरे बेटे गुड्डू कुमार और गोपाल प्रसाद के खिलाफ आरोप लगाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने उनकी बेटी सोनी कुमारी की हत्या कर शव गायब कर दिया है। रामदेव के अनुसार उनकी बेटी सोनी की शादी साल 2008 में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की बेटी सुनैना के बड़े बेटे विक्की कुमार से हुई थी।
युवती के पिता ने दर्ज कराया मुकदमा
बीते शनिवार रात से सोनी कुमारी का कुछ पता नहीं चल रहा है। रामदेव के अनुसार आरोपी दहेज को लेकर लगातार उनकी बेटी पर दबाव बना रहे थे, इसी वजह से उसे प्रताड़ित भी किया जाता था।
आरोपियों ने उसकी हत्या कर उन्हें बिना सूचना दिए ही उसका दाह संस्कार कर दिया है। पुलिस ने रामदेव की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
वहीं सुनैना देवी के परिवार का कहना है कि सोनी का शनिवार रात से कोई पता नहीं चल रहा है। वे उसकी गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास कर रहे थे कि पुलिस ने उन्हें ही आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सुनैना देवी का परिवार फिलहाल खरखुरा तरवाना क्षेत्र में रहता है, सुनैना यहां से पार्षद भी हैं।