खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025: खेल विभाग के अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जयजा, पांच जिलों में खेलों का महाकुंभ
Khelo India Youth Games 2025: बेगूसराय में खेल विभाग के अधिकारियों ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों के तहत मैदानों का जायजा लिया। चार मई से 15 मई तक आयोजित होने वाले इस बड़े खेल आयोजन को लेकर राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने समीक्षा की।
विस्तार
बिहार एक बार फिर खेल जगत में राष्ट्रीय पहचान कायम करने की दिशा में अग्रसर है। राज्य में आगामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। चार मई से 15 मई तक आयोजित होने वाले इस बड़े खेल आयोजन को लेकर मंगलवार को राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने बेगूसराय में स्थल निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
खेल विभाग के शीर्ष अधिकारियों का निरीक्षण दौरा
खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव (सामान्य प्रशासन एवं खेल विभाग) बी राजेंदर, खेल निदेशक महेंद्र कुमार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्र शंकरण ने तेघरा स्थित यमुना भगत स्टेडियम और बरौनी रिफाइनरी स्टेडियम का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मैदान की स्थिति, खिलाड़ियों की सुविधा, आवास, भोजन, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की।
यह भी पढ़ें- Bihar News:सेपकटकरॉ वर्ल्ड कप 2025 का शुभंकर ‘भीम’ भारतीय गौर से प्रेरित; जोश, शक्ति और गर्व का प्रतीक
बेगूसराय में खेलेंगे फुटबॉलर, भागलपुर में गूंजेगा शटलर का कौशल
इस बार बिहार के पांच प्रमुख जिलों पटना, राजगीर (नालंदा), भागलपुर, गया और बेगूसराय को इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। बेगूसराय में फुटबॉल, भागलपुर में बैडमिंटन और अन्य जिलों में विभिन्न खेलों का आयोजन प्रस्तावित है। खेल विभाग का लक्ष्य है कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान की जाएं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अनुभव दोनों उच्च गुणवत्ता के हों।
राष्ट्रीय स्तर के मानकों पर तैयार होंगे स्टेडियम
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान स्टेडियमों की अधोसंरचना को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए। स्थानीय प्रशासन और खेल विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रतियोगिता के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो। खिलाड़ियों के ठहरने से लेकर खेल सामग्री, परिवहन और आपातकालीन सेवाओं तक हर पहलू की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar sepaktakraw Wc: सेपकटाकरा वर्ल्ड कप की सारी तैयारी पूरी, खेल मंत्री बोले- बिहार के लिए गर्व की बात
राजगीर के बाद अब पूरे बिहार की नजर खेलो इंडिया पर
राजगीर में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के सफल आयोजन के बाद बिहार के खेल आयोजनों को लेकर देशभर में सकारात्मक चर्चा है। अब खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के जरिए बिहार एक बार फिर खेलों में अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज कराने जा रहा है। यह आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच बनने जा रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.