बिहार: शराब केस में प्राथमिकी से छेड़छाड़, मुंगेर में आठ पुलिसकर्मी और चौकीदार निलंबित
मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शराब से जुड़े दो मामलों की प्राथमिकी में तथ्यों से छेड़छाड़ के साक्ष्य मिलने पर एसपी ने आठ पुलिसकर्मियों और एक चौकीदार को निलंबित कर दिया। थानाध्यक्ष के निलंबन की अनुशंसा भी डीआईजी से की गई है।
विस्तार
शराब से जुड़े मामलों में प्राथमिकी दर्ज करते समय तथ्यों में कथित गड़बड़ी करना मुफस्सिल थाना में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों पर भारी पड़ गया। जांच में गंभीर लापरवाही और प्राथमिकी के तथ्यों में फेरबदल के साक्ष्य मिलने के बाद एसपी सैयद इमरान मसूद ने आठ पुलिसकर्मियों और एक चौकीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार के खिलाफ भी निलंबन की अनुशंसा डीआईजी से की गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसपी ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अगस्त और सितंबर में शराब से जुड़े दो मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों की प्राथमिकी में तथ्यों के साथ गड़बड़ी किए जाने की सूचना पुलिस को आम लोगों और सूत्रों के माध्यम से मिली थी। इसके बाद अंचल पुलिस निरीक्षक से मामले की जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार शर्मा और दारोगा नुरैन अंसारी की भूमिका सामने आने पर दोनों को 26 सितंबर को निलंबित कर दिया गया।
पढ़ें: प्रदेश में बिछेगा सड़कों और एक्सप्रेसवे का जाल, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बताया 1.25 लाख करोड़ का रोडमैप
मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी डीएसपी मुख्यालय को सौंपी गई। जांच टीम ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, थाने के अभिलेखों की जांच की और छापेमारी में शामिल पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। जांच के दौरान प्राथमिकी में तथ्यों की गड़बड़ी के साक्ष्य मिले। इसके बाद कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की गई।
एसपी ने बताया कि मामले में सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार शर्मा, नुरैन अंसारी, वीरेंद्र कुमार, सिपाही मन्नु कुमार, क्यूआरटी हसनपुर के प्रशांत कुमार, निलेश कुमार पासवान, सूरज कुमार, विनोद सिंह यादव और मुफस्सिल थाना के चौकीदार कृष्णदेव पासवान को निलंबित किया गया है।
एसपी ने कहा कि पुलिस का काम जनता के विश्वास पर चलता है। यदि किसी थाना प्रभारी या पुलिसकर्मी द्वारा किसी मामले में गड़बड़ी की जाती है, तो इससे पुलिस की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।