Bihar: तेज रफ्तार बाइक ने ली महिला की जान, बाजार जा रही महिला की मौके पर ही मौत; परिजनों में मचा कोहराम
Bihar: घटना की जानकारी मिलते ही अपर थाना अध्यक्ष पवन कुमार दल-बल के साथ पीएचसी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
बेलदौर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बेलदौर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित पानी टंकी के पास पीडब्ल्यूडी सड़क पर हुआ। मृतका की पहचान बोबिल पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी स्वर्गीय हृदय साह की 52 वर्षीय पत्नी भादो देवी के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार भादो देवी अपने बेटे रंजन कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर बेलदौर बाजार स्थित बैंक से पैसे निकालने जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भादो देवी सड़क पर गिर पड़ीं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बेलदौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि भादो देवी अपने पीछे पांच बेटों को छोड़ गई हैं, जो मां की मौत के बाद गहरे सदमे में हैं।
पढ़ें: वैशाली में सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत, पिकअप वैन का टायर फटने से हुआ हादसा; कई लोग गंभीर
घटना की जानकारी मिलते ही अपर थाना अध्यक्ष पवन कुमार दल-बल के साथ पीएचसी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।