नामांकन के लिए पहुंचीं बसपा उम्मीदवार, पहले ही कोई भर गया पर्चा
लोकसभा स्पीकर और अपनी बुआ मीरा कुमार को चुनौती देने की तैयारियों में जुटी मेधावी कीर्ति को तगड़ा झटका लगा है।
बसपा द्वारा बिहार की सासाराम सीट से घोषित उम्मीदवार मेधावी कीर्ति बृहस्पतिवार को जब अपना नामांकन भरने गईं, तो उन्हें पता चला कि इस सीट से बालेश्वर भारती नाम के व्यक्ति ने बसपा उम्मीदवार के रूप में पहले ही पर्चा भर दिया है।
विरोध के बाद उन्हें नामांकन तो भरने दिया गया, लेकिन ‘हाथी’ का चुनाव चिन्ह नहीं मिला। कीर्ति ने इस विवाद के लिए अपनी बुआ को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा, ‘बुआ ने मेरे खिलाफ साजिश रची है। वह नहीं चाहती कि मैं उनके खिलाफ चुनाव लड़ूं।’
भारती पर बसपा की मुहर
इस बीच भारती ने जोर देकर कहा कि वह बसपा के ‘वास्तविक’ बसपा उम्मीदवार हैं। भाजपा प्रदेश महासचिव प्रमोद पप्पू सिंह ने कहा कि यह भ्रम इसलिए पैदा हुआ क्योंकि कीर्ति 19 मार्च तक अपना नामांकन भरने में विफल रहे। जबकि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह निर्देश दिया था।
उन्होंने कहा, ‘उनसे बुधवार देर रात तक फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका। इसलिए हमें लगा कि वह बसपा टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं हैं। बृहस्पतिवार को नामांकन भरने की अंतिम तिथि थी, इसलिए बसपा ने भारती को पर्चा भरने को कहा। अब से भारती पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार हैं।’
उन्होंने कहा कि हालांकि इस बारे में अंतिम फैसला जल्द ही लिया जाएगा। इस बीच बिहार से आठ सीटों पर 47 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा भरा।