{"_id":"67a5f0ec4712edb6d00fd84c","slug":"murder-or-suicide-still-suspense-over-death-of-youth-in-saharsa-police-did-not-find-weapon-even-after-3-days-2025-02-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: हत्या या आत्महत्या? सहरसा में युवक की मौत पर अब भी सस्पेंस, तीन दिन बाद भी पुलिस को नहीं मिला हथियार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: हत्या या आत्महत्या? सहरसा में युवक की मौत पर अब भी सस्पेंस, तीन दिन बाद भी पुलिस को नहीं मिला हथियार
Fri, 07 Feb 2025 05:09 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Fri, 07 Feb 2025 05:09 PM IST
सार
Saharsa News: पुलिस ने बताया कि इस मामले में घरेलू विवाद, आत्महत्या, हत्या या किसी पुरानी रंजिश के एंगल से जांच की जा रही है। परिवार वाले कुछ छिपा रहे हैं। पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन
मृतक आशीष मिश्रा (फाइल फोटो) तथा घटनास्थल पर जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सहरसा जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद नहीं कर पाई है। मामला सदर थाना क्षेत्र के तिवारी टोला का है, जहां मिश्रा टोला निवासी आशीष मिश्रा की मौत हो गई। चूंकि यह घटना घर के अहाते में हुई, इसलिए इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कोई इसे हत्या बता रहा है, तो कोई आत्महत्या। मृतक के पिता मनोज मिश्रा ने हत्या की आशंका जताई है, जिससे मामला और उलझता जा रहा है।
विज्ञापन
‘बाहर निकला तो बेटे को खून से लथपथ पाया’
पिता मनोज मिश्रा ने पटना के कंकड़बाग थाना पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना चार फरवरी की शाम लगभग तीन बजे हुई। उस समय वह घर में खाना खा रहे थे। अचानक गोली चलने की आवाज आई। जब वह बाहर निकले तो देखा कि उनका बेटा दरवाजे पर गिरा हुआ था। मनोज मिश्रा ने अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस इस मामले को घरेलू विवाद से जोड़कर देख रही है।
विज्ञापन
मिक्की चौबे हत्याकांड से भी जुड़ा था मृतक का नाम
मामले को उलझाने वाली एक और अहम कड़ी यह है कि आशीष मिश्रा वर्ष 2020 में आरएम कॉलेज में हुए मिक्की चौबे हत्याकांड का आरोपी था। मिक्की चौबे की मां ने भी आशीष मिश्रा पर ही गोली मारने का आरोप लगाया था। ऐसे में इस घटना को मिक्की चौबे हत्याकांड से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
विज्ञापन
घरेलू विवाद, आत्महत्या या रंजिश?
पुलिस के अनुसार, इस मामले में घरेलू विवाद, आत्महत्या, हत्या या किसी पुरानी रंजिश के एंगल से जांच की जा रही है। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि परिवार वाले कुछ छिपा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। एसपी हिमांशु, एसडीपीओ आलोक कुमार और सदर थाना पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
हत्या में इस्तेमाल हथियार अब तक नहीं मिला
घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस को हथियार बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और उलझ गया है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने पुलिस टीम को निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा किया जाए। वहीं, इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में हत्या और आत्महत्या को लेकर बहस छिड़ गई है। कोई इसे रंजिश में हत्या बता रहा है, तो कोई घरेलू विवाद से जुड़ा मामला मान रहा है। पुलिस हर कोण से जांच में जुटी है, लेकिन परिजन न्याय की आस में पुलिस की कार्रवाई पर टकटकी लगाए हुए हैं।