बिहार में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-टेम्पो और ट्रैक्टर की टक्कर में एक ही गांव के तीन युवकों की मौत
बिहार के कटिहार जिले में एनएच-31 पर बखरी मोड़ के पास ट्रक, टेम्पो और ट्रैक्टर की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
विस्तार
बिहार के कटिहार जिले में बुधवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। पोठिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर बखरी मोड़ के पास ट्रक, टेम्पो और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही गांव के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई।
हादसे में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विष्णुचक गांव निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू (22), भीम कुमार साह (35) और बाजो कुमार साह (32) के रूप में हुई है। जितेंद्र कुमार के पिता का नाम स्वर्गीय गोपाल साह, भीम कुमार के पिता का नाम स्वर्गीय उपेंद्र साह और बाजो कुमार के पिता का नाम स्वर्गीय महंत साह बताया गया है।
वहीं, हादसे में घायल युवक की पहचान मनीष कुमार साह (24) के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम अरविंद साह है। घायल को गंभीर चोटें आई हैं।
घटनास्थल पर पुलिस पदाधिकारी मौजूद
हादसे की सूचना मिलने के बाद पोठिया थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई श्रीराम सिंह, एसआई राधेश्याम कुमार सहित बिहार पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद रहकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से पसरा मातम
चारों युवक कटिहार जिले के समेली प्रखंड के पोठिया थाना क्षेत्र स्थित विष्णुचक गांव के वार्ड संख्या-9 के रहने वाले हैं। एक ही गांव के तीन युवकों की असामयिक मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
