Bihar: नासिक से सिलीगुड़ी के लिए निकला प्याज लदा ट्रक सहरसा में बिका, मालिक और खरीदार गिरफ्तार; जानें मामला
Saharsa News: एसडीपीओ ने बताया कि ट्रक मालिक को पुलिस ने चोरी की नीयत से ट्रक पर लदे प्याज को बेचने और एक अन्य व्यक्ति को चोरी का प्याज खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।
विस्तार
सुपौल के किशनपुर थानाक्षेत्र में पुलिस ने नासिक से सिलीगुड़ी के लिए निकले प्याज लदे ट्रक की चोरी की झूठी शिकायत का पर्दाफाश किया है। इस मामले में ट्रक मालिक अंशुल यादव और सहरसा के प्याज कारोबारी जितेंद्र कुमार की गिरफ्तारी हुई है। जानकारी के मुताबिक, ट्रक पर लदे प्याज की कीमत 13 लाख 75 हजार रुपये बताई गई। ट्रक महाराष्ट्र के नासिक से 584 बोरा प्याज लेकर 23 सितंबर को बंगाल के सिलीगुड़ी के लिए निकली थी। लेकिन अपने गंतव्य तक नहीं पहुंची जिसके बाद महाराष्ट्र के नासिक जिला अंतर्गत पिंपलगांव-बी थाने की पुलिस ने 29 सितंबर को सुपौल पुलिस को एक सहायता पत्र भेजा। पत्र मिलते ही एसपी शैशव यादव द्वारा प्रशिक्षु डीएसपी सह किशनपुर थानाध्यक्ष नीतू सिंह को जांच का जिम्मा सौंपा गया। वहीं, 29 सितंबर को ही अंशुल कुमार नामक एक व्यक्ति ने किशनपुर थाने में आकर लिखित आवेदन दिया, जिसमें उसने बताया कि ट्रक का ड्राइवर और उसमें लदा प्याज गायब है, जबकि ट्रक आसनपुर कुपहा स्थित टोल प्लाजा के पास खड़ा है।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस से मिले पत्र और अंशुल कुमार की शिकायत से मामला गंभीर प्रतीत हुआ। हालांकि पूछताछ में अंशुल यह नहीं बता पाया कि उसे किशनपुर थानाक्षेत्र में ही ट्रक के खड़े होने की सूचना कैसे मिली। इसके बाद पुलिस ने अंशुल से कराई से पूछताछ की। इस दौरान अंशुल ने चोरी की रचित झूठी कहानी पुलिस के सामने बयां कर दी। उसने पुलिस को बताया कि भाई विनोद यादव के कहने पर उसने दूसरे ड्राइवर दीपक के साथ मिलकर ट्रक में लदे प्याज को सिलीगुड़ी के बजाए सहरसा में बेच दिया है।
इसके बाद तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर पुलिस ने सहरसा स्थित जितेंद्र भगत के गोदाम में छापामारी की गई। जितेंद्र के गोदाम से पुलिस ने पिंपलगांव मार्का के जूट के बोरे में रखा 91 बोरा प्याज बरामद कर लिया। वहीं, पूछताछ के दौरान जितेंद्र प्याज की खरीद से संबंधित कोई सबूत पेश नहीं कर पाया।
सुपौल से बरामद 270 बोरा प्याज
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि 29 सितंबर को महाराष्ट्र के नासिक जिला अंतर्गत पिंपलगांव-बी थाने की पुलिस ने एक सहायता पत्र जारी किया था। जिसमें महाराष्ट्र पुलिस ने बताया था कि 23 सितंबर को 584 बोरा प्याज लगा एक ट्रक (यूपी 83 बीटी 3882) नासिक से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के लिए निकला था, लेकिन वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा है। ट्रक पर लोडेड प्याज की कीमत 13 लाख 75 हजार रुपए बताई गई। जिसके बाद एसपी साहब यादव द्वारा प्रशिक्षु डीएसपी सह किशनपुर थानाध्यक्ष नीतू सिंह को जांच का जिम्मा सौंपा गया। वही 29 सितंबर को ही अंशुल कुमार नामक एक व्यक्ति ने किशनपुर थाना में आकर लिखित आवेदन दिया। इसमें उसने बताया कि ट्रक का ड्राइवर और उसमें लदा प्याज गायब है, जबकि ट्रक आसनपुर कुपहा स्थित टोल प्लाजा के समीप खड़ी है।
किशनपुर थाने में अलग से प्राथमिकी दर्ज
एसडीपीओ ने बताया कि ट्रक मालिक यूपी के फिरोजाबाद निवासी अंशुल यादव को पुलिस ने चोरी की नीयत से ट्रक पर लदे प्याज को बेचने और सहरसा के गांधी पथ निवासी जितेंद्र कुमार को चोरी का प्याज खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ किशनपुर थाने में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में अंशुल के भाई विनोद और दूसरे ट्रक चालक दीपक की तलाश जारी है। केस के खुलासे में पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार राय, एसआई पिंटू कुमार, एएसआई सोनल कुमार आदि की भूमिका रही। नासिक पुलिस अपने केस में गिरफ्तार आरोपी को रिमाइंड करेगी, जिसके लिए महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम सुपौल आ रही है।