Bihar News: जमीन विवाद में ताबड़तोड़ हुई गोलीबारी, डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल; थानेदार ने कहा -मुझे नहीं पता
Bihar : थाना से लगभग 05 किलोमीटर दूर जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई। डायल 112 की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन थानाध्यक्ष को घटना की जानकारी नहीं है। थानेदार की लापरवाही को लेकर लोगों ने डीजीपी से शिकायत करने की बात कही है।
विस्तार
सुपौल के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्णपुर गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद में गोलीबारी की खबर सामने आई है। घटना में कर्णपुर वार्ड 08 निवासी सुशील ठाकुर गंभीर रूप से घायल हैं। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने बताया कि एक दर्जन से अधिक अपराधियों ने अचानक उनके घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। इस घटना में फायरिंग के दौरान एक गोली उनके जांघ में लगी। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उनके चचेरे भाई अनंत ठाकुर और उनके पुत्र केशव ठाकुर पर भी अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला किया। हमले में अनंत ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि केशव की एक अंगुली कट गई। पीड़ितों ने तत्काल घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। पुलिस को आते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची 112 की टीम द्वारा घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पहले घर पर चढ़कर गाली-गलौज की, फिर मार दी गोली
अस्पताल में भर्ती अनंत ठाकुर ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार घर में आराम कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही दयानाथ मिश्र अपने पुत्र संदीप मिश्र, सौरव मिश्र और करीब 10 अज्ञात अपराधियों के साथ पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। जब घर के लोग बाहर निकले तो संदीप मिश्र ने तीन राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली सुशील ठाकुर को जा लगी। अनंत ने बताया कि जब वह बचाव करने गए तो अपराधियों ने लाठी, डंडे और तलवार से उन पर भी हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप मिश्र हाल ही में पूर्णिया जेल से हत्या के एक मामले में जमानत पर बाहर आया है और गांव में लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है।
112 की टीम पहुंचाया अस्पताल, प्रभारी थानाध्यक्ष ने कहा-नहीं पता
इधर, घटना को लेकर सबसे आश्चर्य की बात यह है कि घटनास्थल की थाना से दूरी महज 05 से 06 किलोमीटर है। वही घटनास्थल से 112 पुलिस टीम द्वारा ही पीड़ितों को लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन प्रभारी थानाध्यक्ष रंजीत पासवान को घटना की जानकारी तक नहीं है। प्रभारी सदर थानाध्यक्ष रंजीत पासवान ने बताया कि मामले की सूचना नहीं है। 112 की टीम मौके पर पहुंची थी, यह भी मुझे जानकारी नहीं है। ना ही पीड़ित द्वारा अब तक कोई आवेदन दिया गया है। वही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे। पीड़ितों को 112 की टीम द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने कहा कि अब इस बात की शिकायत डीजीपी से करुंगा।

अस्पताल में भर्ती घायल सुशील ठाकुर।

अस्पताल में भर्ती घायल सुशील ठाकुर।