Bihar News: गला घोंटकर हत्या, बोरे में बंद शव मिला; घर से 10 किमी दूर किसने किया कांड? पांच नामजद
मधेपुरा में मौर्या लैब के 24 वर्षीय मैनेजर बाबू साहब यादव का शव धान के खेत में बोरे में बंद मिला। वह घर से किसी जरूरी काम के लिए निकले थे, लेकिन शाम को उनका शव बरामद हुआ। परिजनों ने गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाते हुए पैसों के लेन-देन को वजह बताया है।
विस्तार
मधेपुरा जिले में मौर्या लैब के मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले 24 वर्षीय बाबू साहब यादव का शव घर से करीब 10 किलोमीटर दूर धान के खेत में बोरे में बंद मिला। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पत्नी के आवेदन पर पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धान के खेत में बोरे में बंद मिला शव
मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के बालम गढ़िया वार्ड-1 निवासी बाबू साहब यादव के रूप में हुई है। उनका शव बुधवार शाम रतनपुरा-दुधैला सड़क किनारे स्थित धान के खेत से बोरे में बंद बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जरूरी काम कहकर घर से निकले थे
परिजनों के अनुसार, बाबू साहब यादव बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के सबैला भगवानपुर निवासी मनी कुमार ने उन्हें किसी जरूरी काम से बुलाया है।
परिजनों ने बताया कि घर से निकलने से पहले मनी कुमार का फोन आया था। इसके कुछ देर बाद मनी कुमार की पत्नी पूजा कुमारी और फिर अन्य लोगों का भी फोन आया। इसके बाद बाबू साहब अपनी बाइक से घर से निकल गए और कहा कि उन्हें काम से बुलाया गया है।
दोपहर से दोनों मोबाइल हो गए बंद
पत्नी निशा कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि दोपहर करीब दो बजे उन्होंने पति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनके दोनों मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिले।
शाम करीब सात बजे फेसबुक के माध्यम से उन्हें पति का शव मिलने की जानकारी मिली। बाद में पता चला कि पुलिस ने रतनपुरा-दुधैला सड़क के पास धान के खेत से बोरे में बंद शव बरामद किया है।
पत्नी ने पांच लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
पत्नी ने अपने आवेदन में बताया कि बाबू साहब यादव मौर्या लैब में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह एमजी हॉस्पिटल समेत तीन ब्लड कलेक्शन सेंटरों से सैंपल लेकर जांच के लिए लैब पहुंचाने का काम करते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि मनी कुमार के साथ उनके पति का पैसों का लेन-देन भी था। इसी को लेकर मनी कुमार, उसकी पत्नी पूजा कुमारी, नयन कुमार, नरेश यादव, मनिता देवी और पांच से सात अज्ञात लोगों ने मिलकर उनके पति की हत्या कर दी और शव को बोरे में बंद कर धान के खेत में फेंक दिया।
गला दबाकर हत्या की आशंका
परिजनों का कहना है कि शव के गले पर काला निशान था और मुंह से खून निकल रहा था। इससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बाबू साहब की बाइक, दोनों मोबाइल फोन और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी भी गायब है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
सदर थाना पुलिस ने पत्नी के आवेदन के आधार पर पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण महतो ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद चलेगा। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।