Bihar News: घर में सोए युवक की मौत से हड़कंप, परिजनों ने पत्नी पर ही लगाया हत्या का आरोप
Madhepura News: पति-पत्नी कमरे में सोने चले गए। देर रात करीब एक बजे सविता के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनकर सास जग गई। वह कमरे में पहुंचीं तो दृश्य देखकर हैरान रह गई। रंजीत की कनपटी से खून निकल रहा था।
विस्तार
मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ी गांव में मंगलवार की रात एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान बूढ़ी गांव निवासी पिंटू राम के पुत्र रंजीत राम (24) के रूप में हुई है। युवक की कनपटी से खून निकलता पाया गया, जिससे उसकी मौत को लेकर संदेह है। परिजनों ने हत्या का आरोप उसकी पत्नी सविता देवी पर लगाया है। मृतक की मां किरण देवी ने बताया कि वह मंगलवार को खेत में काम करने गई थीं। जब शाम को घर लौटीं, तो पता चला कि रंजीत और उसकी पत्नी सविता देवी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। रात को दोनों खाना खाकर सोने चले गए।
देर रात करीब एक बजे सविता के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनकर वह जाग गई। कमरे में पहुंचीं तो देखा कि बहू पहले ही रंजीत को फंदे से नीचे उतारकर बरामदे में ले आई थी। रंजीत की कनपटी से खून निकल रहा था। उन्होंने बहू पर साजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि रंजीत की शादी तीन वर्ष पूर्व सुपौल जिले के गिदरपट्टी निवासी सुरेंद्र राम की पुत्री सविता देवी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही सविता के किसी अन्य युवक से अवैध संबंध होने की बात सामने आई थी, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। वह अधिकतर समय मायके में ही रहती थी। रंजीत के मामा दिनेश राम ने बताया कि करीब तीन महीने पहले जब रंजीत अपनी पत्नी को लाने ससुराल गया था, तो उसके ससुर सुरेंद्र राम उसे बहला-फुसलाकर पंजाब ले गया और वहां 10 हजार रुपये में किसी को बेच दिया। जब वह काफी दिनों तक नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की और उसे किसी तरह पंजाब से वापस लाया गया।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में कुएं में डूबे तीनों
16 जून को पत्नी को वापस लाया था रंजीत
जानकारी के अनुसार रंजीत ने 16 जून को अपनी पत्नी को मायके से घर वापस लाया था। लेकिन उसके एक दिन बाद ही 17 जून की रात उसका शव घर में साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना पर भर्राही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया गया कि रंजीत राम अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं, जिनकी अब तक शादी नहीं हुई है। घटना के वक्त उसके पिता पंजाब जा रहे थे और अब वे वापस लौट रहे हैं। घटना के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है, और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी सविता देवी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मौके से एक दबिया, मोबाइल और कुछ कपड़े भी जब्त किए गए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.