Bihar News : बाल सुधार गृह में पुलिसकर्मी से 'बालक' ने कर दी मारपीट, जांच में जुटी पुलिस
Bihar Police : बाहर तो बाहर, अब बाल सुधार गृह के अंदर भी पुलिसकर्मियों पर हमला हो जाता है। हमला भी कौन कह रहा? इस बार कानून तोड़ने के कारण बाल सुधार गृह आए 'बच्चे' ने पुलिस से झगड़ा मोल ले लिया।
विस्तार
सहरसा जिले के मुख्यालय स्थित पुलिस केंद्र के बाल सुधार गृह में नाबालिग बच्चों और पुलिसकर्मियों के बीच हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने लगभग एक घंटे तक मामले की जांच की।
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि दो विधि विरुद्ध बालकों को इलाज के लिए भेजा गया था। इलाज के बाद जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। झड़प में शामिल बच्चों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में दोषी बच्चों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बच्चे बाहर आ रहे, इसकी जांच भी करेगी पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि कुछ बच्चों को अंदर से बुलाकर पुलिसकर्मियों के साथ झड़प की घटना हुई है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, हालांकि पुलिस वीडियो के बारे में कुछ भी टिप्पणी करने से बच रही है। जानकारी के अनुसार, बाल सुधार गृह में रह रहे बच्चे न केवल बाहर निकल रहे हैं, बल्कि मोबाइल फोन का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा, वे सोशल मीडिया पर भी सक्रिय पाए गए हैं। इस मामले पर सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और प्लेस ऑफ सेफ्टी में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की भी जांच की जाएगी।