बिहार: ट्रैकमैन पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कंधे में लगी गोली; घायल खुद बाइक चलाकर पहुंचा अस्पताल
लोको चौराहे के पास शनिवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने रेलवे ट्रैकमैन लाल बाबू यादव पर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली उनके कंधे में लगी। घायल हालत में भी उन्होंने खुद बाइक चलाकर रेलवे अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया।
विस्तार
गयाजी शहर में शनिवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने रेलवे के एक ट्रैकमैन पर फायरिंग कर दी। घटना डेल्हा थाना क्षेत्र के लोको चौराहे के पास हुई। हमलावरों ने रेलवे कर्मचारी लाल बाबू यादव पर दो राउंड गोली चलाई, जिसमें एक गोली उनके कंधे में जा लगी। गोली लगने के बावजूद लाल बाबू ने हिम्मत नहीं हारी और खुद बाइक चलाकर रेलवे अस्पताल पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन अब उन्हें पटना ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।
गांव जाने के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग
जानकारी के अनुसार लाल बाबू यादव रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे वह लोको स्थित रेलवे क्वार्टर से अपने गांव चाकंद जाने के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान लोको चौराहे के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली चलाने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
फायरिंग में एक गोली लाल बाबू यादव के कंधे में लगी। घायल होने के बावजूद उन्होंने खुद बाइक संभाली और इलाज के लिए रेलवे अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डेल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है। इंस्पेक्टर व्यंकटेश ओझा ने बताया कि गोलीबारी की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घायल रेलवे कर्मचारी का इलाज जारी है।
रेलवे क्वार्टर खाली कराने को लेकर धमकी की भी जांच
पुलिस जांच में पुराने विवाद के एंगल को भी देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ समय पहले रेलवे क्वार्टर खाली कराने को लेकर कुछ असामाजिक तत्वों ने लाल बाबू यादव को कथित तौर पर धमकी दी थी। हालांकि, पुलिस ने अभी इस जानकारी की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही फायरिंग की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।