{"_id":"684c42bd7b7b2f78ca0cbdca","slug":"nawada-news-wife-accused-of-beating-husband-to-death-woman-fled-to-her-maternal-home-with-children-2025-06-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: कमरे से संदिग्ध हालत में युवक का शव बरामद, पत्नी पर पीट-पीट कर हत्या का आरोप; बच्चों संग हुई फरार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: कमरे से संदिग्ध हालत में युवक का शव बरामद, पत्नी पर पीट-पीट कर हत्या का आरोप; बच्चों संग हुई फरार
Fri, 13 Jun 2025 08:54 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नवादा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नवादा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Fri, 13 Jun 2025 08:54 PM IST
सार
Nawada News: पुलिस ने बताया कि मामला संदेहास्पद है और वास्तविकता का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। वहीं, मृतक के परिजन और ग्रामीण लगातार हत्या की बात पर अड़े हुए हैं और आरोपी पत्नी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन
घटनास्थल पर मौजूद परिजन और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ओलीपुर गांव से शुक्रवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक का शव उसके घर के कमरे से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मुन्ना प्रसाद के रूप में हुई है, जो राजो महतो का पुत्र था। मौत की सूचना मिलने पर गांव और परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने इस घटना के पीछे मृतक की पत्नी पर ही हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
पति-पत्नी में अक्सर होता था विवाद
मृतक के पिता राजो महतो ने बताया कि उनका पूरा परिवार पुराने घर में रहता है, जबकि उनका बेटा मुन्ना प्रसाद अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ गांव के किनारे एक अलग मकान में रहता था। मृतक की पत्नी प्रीति देवी एक दिन पहले ही मायके से लौटी थी। परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था और कई बार मारपीट की नौबत भी आती थी।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bihar News: नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल से बरामद हुआ 10 किलो वजनी आईईडी बम; समय रहते किया गया डिफ्यूज
विज्ञापन
राजो महतो ने बताया कि जब उन्हें घटना की सूचना मिली और वे घर पहुंचे, तो बेटे की लाश जमीन पर पड़ी थी। उस समय घर में न तो बहू थी और न ही बच्चे। उन्होंने शंका जाहिर की कि बहू ने ही उनके बेटे की हत्या कर दोनों बच्चों को लेकर मायके भाग गई है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं, एक छह साल का बेटा और तीन साल की बेटी।
ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने भी मृतक की पत्नी के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पत्नी अकसर अपने पति के साथ मारपीट किया करती थी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि घटना के एक दिन पहले ही वह मायके से वापस आई थी और अगले ही दिन यह हादसा हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के नाक और मुंह से खून निकल रहा था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि संभवतः पीट-पीट कर हत्या की गई है।
पत्नी ने दी करंट से मौत होने की सफाई
इधर, घटना की सूचना मिलते ही नरहट थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष ने मृतक की पत्नी प्रीति देवी से फोन पर संपर्क किया। पत्नी ने सफाई में बताया कि उनके पति की मौत मोटर पंप का बिजली तार जोड़ते समय करंट लगने से हुई है। हालांकि पुलिस ने उन्हें तुरंत घटनास्थल पर लौटने का निर्देश दिया है, ताकि पूछताछ और तफ्तीश की जा सके।
यह भी पढ़ें- Crime: युवती को छत से उठा ले गए आरोपी, जंगल ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म; शिकायत करने पर परिजनों संग मारपीट
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है। नरहट थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संदेहास्पद है और वास्तविकता का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। वहीं, मृतक के परिजन और ग्रामीण लगातार हत्या की बात पर अड़े हुए हैं और आरोपी पत्नी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।