फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Gaya News ›   know the rituals of pitru paksha date pitru paksh 2026 what to do and dont in pitra paksha in gaya bihar news

पितर प्रसन्न कैसे हों?: गयाजी में पिंडदान से जुड़े हर सवाल का जवाब एक जगह पढ़ें; श्राद्ध की मान्यताओं को समझें

Thu, 24 Sep 2026 12:14 PM IST
मगध ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गयाजी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गयाजी Published by: मगध ब्यूरो Updated Thu, 24 Sep 2026 12:14 PM IST
सार

Pitru Paksha Explainer : कहीं पितृपक्ष तो कहीं श्राद्ध पक्ष कहा जाता है इस खास समय को। वह समय आने वाला है। देश-विदेश से लोग पितरों को संतुष्ट और प्रसन्न करने के लिए गयाजी आते हैं। ऐसे में पितृपक्ष मेले की शुरुआत से एक दिन पहले हर सवाल का जवाब जानिए।

विज्ञापन
know the rituals of pitru paksha date pitru paksh 2026 what to do and dont in pitra paksha in gaya bihar news
पितृपक्ष से जुड़ा हर सामान गयाजी में पंडों के पास मिल जाता है। नियम खबर से समझ सकते हैं। - फोटो : amar ujala digital

विस्तार

मोक्षभूमि गयाजी में पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना  को लेकर लगने वाला विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2026 अब शुरू होने जा रहा है। 25 सितंबर से शुरू होने वाले इस धार्मिक महापर्व में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध कर्म के लिए गयाजी पहुंचेंगे। बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन से पितृकर्म की शुरुआत मानी जाती है, लेकिन गयाजी में पिंडदान का विशेष धार्मिक महत्व है। लोग पितरों को संतुष्ट और प्रसन्न करने के लिए गयाजी जरूर आते हैं। इस बार मेला में परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक का भी संगम देखने को मिलेगा। गयाजी आने से पहले जानिए पितृपक्ष से जुड़े हर जरूरी सवाल का जवाब।

विज्ञापन


सवाल- पितृपक्ष मेला में गयाजी में कर्मकांड कब से शुरू होगा?
जवाब- गयाजी में पितृपक्ष मेला के दौरान पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध कर्म की शुरुआत भाद्रपद पूर्णिमा (इस बार, शुक्रवार 25 सितंबर) से होगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन फल्गु नदी में स्नान, खीर के पिंड का श्राद्ध और तर्पण के साथ पितृकर्म का शुभारंभ होता है। इसके बाद आश्विन कृष्ण पक्ष की विभिन्न तिथियों पर श्रद्धालु अपने पितरों की मृत्यु तिथि या निर्धारित श्राद्ध तिथि के अनुसार गयाजी की अलग-अलग वेदियों पर विधि-विधान से पिंडदान करते हैं। मान्यता है कि भगवान विष्णु की पावन नगरी गयाजी में किया गया पिंडदान पितरों को तृप्ति और मोक्ष प्रदान करता है।
विज्ञापन


सवाल- कौन दे सकता है पितरों को जल (तर्पण)?
जवाब- सनातन परंपरा के अनुसार पितरों को जल अर्पित करने का पहला अधिकार पुत्र को माना गया है। पुत्र के अभाव में पौत्र, प्रपौत्र या परिवार का अन्य योग्य सदस्य तर्पण कर सकता है। विशेष परिस्थितियों में योग्य महिला या निकट संबंधी भी आचार्य के मार्गदर्शन में तर्पण कर सकते हैं। श्रद्धा और विधि-विधान से किया गया तर्पण पितरों की तृप्ति के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सवाल- पितर की तिथि का निर्धारण कैसे होता है?
जवाब- पितर की तिथि का निर्धारण आम तौर पर पिता के देहावसान की हिंदी तिथि के हिसाब से होता है। यानी, हिंदी मास का भले दोनों में से कोई भी पक्ष हो, लेकिन उसकी तिथि गणना को देखा जाता है। इसमें उदय तिथि को ही माना जाता है। यानी, अगर किसी के पिता का देहावसान किसी हिंदी मास के किसी पक्ष की तृतीया तिथि को हुआ हो तो उसके लिए पितर के तर्पण की तिथि वही होगी अमूमन। तृतीया तिथि का सूर्योदय हो चुका है तो अगले सूर्योदय तक, जब तक तिथि परिवर्तन न हो- देहावसान की तिथि तृतीया ही मानी जाएगी।

सवाल- पितृपक्ष मेला में क्या करें, क्या नहीं?
जवाब- धार्मिक मान्यता के अनुसार पितृपक्ष श्रद्धा, संयम और पितरों के प्रति कृतज्ञता का पर्व है। इस दौरान श्रद्धालुओं को सात्विक जीवन अपनाते हुए विधि-विधान से पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध करना चाहिए। दान-पुण्य, जरूरतमंदों की सेवा और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करना शुभ माना जाता है। वहीं नशा, तामसिक भोजन, विवाद, क्रोध और किसी का अपमान करने से बचने की सलाह दी जाती है।

सवाल- क्या इस बार पितृपक्ष मेला में फल्गु नदी में पानी मिलेगा?
जवाब- 
हां, इस बार श्रद्धालुओं को फल्गु नदी में तर्पण के लिए जल उपलब्ध है। फल्गु नदी पर बना डैम पानी से भरा हुआ है, जिससे नदी में जल की व्यवस्था की गई है। धार्मिक मान्यता के अनुसार फल्गु तट पर पिंडदान और तर्पण करने से पितरों को तृप्ति और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

सवाल- गयाजी में पिंडदान करने के लिए कितने दिनों का श्राद्ध करने का नियम है?
जवाब- धार्मिक मान्यता के अनुसार गयाजी में पिंडदान एक दिन से लेकर 17 दिनों तक अलग-अलग विधियों से किया जा सकता है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा, परंपरा और समय के अनुसार कर्मकांड करते हैं। गयाजी में किया गया पिंडदान पितरों की शांति और मोक्ष के लिए विशेष फलदायी माना जाता है।

know the rituals of pitru paksha date pitru paksh 2026 what to do and dont in pitra paksha in gaya bihar news
गयाजी में कल से पितृपक्ष मेला शुरू हो रहा। पिंडदान करने वालों के लिए नियम तय हैं। - फोटो : amar ujala digital

सवाल- गयाजी में कुल कितनी पिंड वेदियां हैं और कौन-कौन सी प्रमुख हैं?
जवाब- धार्मिक मान्यता के अनुसार गयाजी में करीब 45 प्रमुख पिंड वेदियां हैं। इनमें विष्णुपद मंदिर, फल्गु नदी, अक्षयवट, सीताकुंड, प्रेतशिला, रामशिला, ब्रह्मयोनि और धर्मारण्य प्रमुख हैं। इन वेदियों पर पिंडदान और तर्पण का विशेष महत्व माना जाता है।

सवाल- पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किन सामग्रियों की जरूरत होती है?
जवाब- पिंडदान और तर्पण के लिए कुश, तिल, जल, अक्षत, पुष्प, फल, पिंड बनाने के लिए आटा या चावल, वस्त्र और पूजा सामग्री की जरूरत होती है। गयाजी में गयापाल पंडा के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।

सवाल- प्रेतशिला वेदी पर कौन करते हैं कर्मकांड?
जवाब- धार्मिक मान्यता के अनुसार प्रेतशिला वेदी पर अकाल मृत्यु, असमय निधन या विशेष परिस्थितियों में दिवंगत हुए पितरों की शांति के लिए पिंडदान और कर्मकांड किया जाता है। यहां किया गया श्राद्ध पितरों की मुक्ति के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।

सवाल- क्या जिनके माता-पिता और सास-ससुर नहीं होते हैं, वही पिंडदान कर सकते हैं?
जवाब- गयावाल पंडा (तीर्थ पुरोहित) बबलू मउआर बताते हैं कि ऐसा कोई नियम नहीं है, हालांकि अपने घर की मान्यता हो तो अलग बात है। पिंडदान कोई भी व्यक्ति अपने दिवंगत पितरों की आत्मा की शांति और तृप्ति के लिए कर सकता है। इसके लिए माता-पिता या सास-ससुर का होना या न होना आवश्यक शर्त नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता तो भगवान श्री राम, माता सीता और लक्ष्मणजी गयाजी में पिंडदान करने के लिए नहीं आते। वह सिर्फ अपने पिता राजा दशरथजी का पिंडदान करने आए थे। उस समय तो उनकी तीनों माताएं जीवित थीं। धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रद्धा, संकल्प और विधि-विधान के साथ किया गया पिंडदान ही सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। 

सवाल- क्या जीते जी भी पिंडदान किया जा सकता है?
जवाब-
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कुछ विशेष परिस्थितियों में व्यक्ति जीवनकाल में भी पिंडदान (जीवित श्राद्ध) कर सकता है। यह कर्म विशेष संकल्प और योग्य पुरोहित के मार्गदर्शन में किया जाता है।

सवाल- पितृपक्ष मेला की तैयारी कब से शुरू होती है?
जवाब-
विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला की तैयारी कई महीने पहले से शुरू हो जाती है। प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभाग श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पहले से तैयारी शुरू कर देते हैं।

सवाल- इस बार पितृपक्ष मेला में क्या अलग है?
जवाब-
इस बार पितृपक्ष मेला में धार्मिक परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक का भी संगम देखने को मिलेगा। पहली बार गयाजी के गांधी मैदान में उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। फल्गु नदी में लेजर शो के माध्यम से गयाजी की धार्मिक और पौराणिक कथाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बच्चों के हाथों में क्यूआर बैंड बांधा जाएगा। भीड़ में बच्चा परिजनों से अलग होने पर मोबाइल के माध्यम से तुरंत सूचना मिल सकेगी। इसके अलावा शहर को धार्मिक इतिहास और संस्कृति से जुड़े चित्रों से सजाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु गयाजी की गौरवशाली विरासत को करीब से जान सकेंगे।
(इनपुट- रंजन सिन्हा, गया)

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed