बिहार: इस भारी वाहन को सड़क से गुजरने के लिए क्यों देना पड़ा स्पेशल ट्रीटमेंट? तीन घंटे तक रोका गया रेल परिचालन
औरंगाबाद में जीटी रोड पर एक विशाल ओवर डायमेंशन कंसाइनमेंट (ओडीसी) लेकर जा रहे भारी वाहन को रेलवे क्रॉसिंग से गुजारने के लिए विशेष इंतजाम करने पड़े। मशीन की अधिक ऊंचाई के कारण आरओबी से वाहन नहीं निकल सका।
विस्तार
बिहार के औरंगाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 (जीटी रोड) पर एक भारी वाहन को गुजरने के लिए विशेष इंतजाम करने पड़े। इस प्रक्रिया के तहत पूर्व मध्य रेल के दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल अंतर्गत सोननगर-गढ़वा रेलखंड पर ओवरहेड वायर हटाकर करीब तीन घंटे तक ट्रेनों का परिचालन भी रोकना पड़ा। इसके बाद यह वाहन सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ। इसकी वजह एक तो वाहन का बेहद भारी होना और दूसरा उस पर विदेशी हैवी मशीनरी लदी होना था।
हालांकि, उम्मीद थी कि यह वाहन एनएच-19 पर सिरिस के पास बने रेल ओवरब्रिज (आरओबी) को आसानी से पार कर जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। रेल ओवरब्रिज पार करने के इरादे से जैसे ही वाहन मौके पर आगे बढ़ा, वैसे ही वाहन पर लदी काफी ऊंची हैवी मशीनरी का ऊपरी सिरा आरओबी के वाहन के गुजरने के अनुरूप कम ऊंचाई वाले ऊपरी स्ट्रक्चर से रगड़ खा गया। इससे आरओबी के ऊपरी हिस्से का स्ट्रक्चर भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद प्लान-बी के तहत भारी वाहन को आरओबी के बनने से पहले बने पुराने रेलवे क्रॉसिंग वाले रास्ते से पार कराया गया।
इसके लिए रेलवे क्रॉसिंग के पास बिजली आपूर्ति के रेल ओवरहेड वायर को हटाया गया। साथ ही सोननगर-गढ़वा रेलखंड पर करीब तीन घंटे तक ट्रेनों का परिचालन रोका गया। इसके बाद वाहन को आगे के लिए रवाना किया गया।
आरओबी के नीचे बगल के पुराने रेलवे क्रॉसिंग से पार कराया गया वाहन
भारी वाहन पर लदे विशाल ओवर डायमेंशन कंसाइनमेंट (ओडीसी) को विशेष तकनीकी व्यवस्था के बीच सुरक्षित तरीके से आरओबी के नीचे बगल में पहले से बने रेलवे क्रॉसिंग से पार कराया गया। वाहन पर बेहद बड़ी मशीन का एक हिस्सा था, जिसकी ऊंचाई और आकार अधिक होने के कारण रास्ते में विशेष इंतजाम करने पड़े।
जानकारी के अनुसार, मशीन का यह हिस्सा विदेश से समुद्री मार्ग से ओडिशा आया था। वहां से इसे सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर ले जाया जा रहा है। वाहन को गंतव्य की ओर आगे बढ़ाने और कंसाइनमेंट को निकालने के लिए पहले पूरी व्यवस्था की गई। रेलवे की बिजली आपूर्ति बंद कर ओवरहेड तारों को हटाया गया। साथ ही रास्ते में आने वाले कुछ पुलों के हिस्सों को भी अस्थायी रूप से हटाया गया। इसके बाद तकनीकी टीम और संबंधित कर्मियों की निगरानी में कंसाइनमेंट को सुरक्षित तरीके से आगे ले जाया गया।
तीन घंटे तक रेल परिचालन बाधित
सोननगर जंक्शन के प्रबंधक संजय पासवान ने बताया कि बिजली आपूर्ति बंद रहने के कारण करीब तीन घंटे तक सोननगर-गढ़वा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। कंसाइनमेंट को पार कराने के बाद पुनः ओवरहेड वायर लगाया गया और बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद सामान्य तरीके से रेल परिचालन शुरू हुआ।
विशाल मशीन को देखने जुटी ग्रामीणों की भीड़
इस दौरान विशाल मशीन को देखने के लिए रेलवे ओवरब्रिज और रेलवे क्रॉसिंग के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। रेलवे के बिजली तार हटाकर इतनी बड़ी मशीन को रेलवे क्रॉसिंग के नीचे से गुजरने का नजारा देखने वालों के लिए कौतूहल का विषय बना रहा। इस दौरान सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारी और कर्मी मौके पर मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बाढ़ पर सियासत: तेजस्वी यादव ने सरकार पर बोला हमला, पीएम मोदी के बॉस की हैसियत को लेकर भी कह दी बड़ी बात
ग्रामीणों ने कहा- पहली बार देखी इतनी बड़ी मशीन
मौके पर मौजूद कई ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इतनी बड़ी मशीन यानी ओवर डायमेंशन कंसाइनमेंट को अपनी आंखों से गुजरते देखा। फिलहाल वाहन और कंसाइनमेंट दोनों के भारी होने के कारण यह वाहन रेंगने की तरह धीरे-धीरे अपने गंतव्य की ओर जा रहा है।