बिहार: महिला सीओ और उनके पति पर रिश्वत लेकर जमीन की डिमांड खोलने का आरोप, 1.24 लाख रुपये ट्रांसफर होने का दावा
बिहार के जहानाबाद में रतनी अंचल की सीओ नुजहत और उनके पति रैसुल इस्लाम के खिलाफ रिश्वत लेकर गैरमजरूआ जमीन की डिमांड खोलने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने 1.24 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर होने और चिकित्सा अवकाश के दौरान डोंगल से जमीन की डिमांड कायम करने का आरोप लगाया है।
विस्तार
बिहार के जहानाबाद जिले में रतनी अंचल की अंचलाधिकारी (सीओ) नुजहत और उनके पति रैसुल इस्लाम के खिलाफ रिश्वत लेकर गैरमजरूआ जमीन की अवैध रूप से डिमांड खोलने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों पर ऑनलाइन माध्यम से 1 लाख 24 हजार 500 रुपये लेने के बाद जमीन की डिमांड कायम करने का आरोप है। शकुराबाद थाने की पुलिस ने नोआवां पंचायत के सलारपुर गांव निवासी राजकुमार के आवेदन पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता राजकुमार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव के दो युवकों के मोबाइल नंबरों से अलग-अलग तारीखों में कुल 1,24,500 रुपये अंचलाधिकारी के पति रैसुल इस्लाम के बैंक खाते में ऑनलाइन भेजे गए थे। आरोप है कि रकम ट्रांसफर होने के तुरंत बाद विभिन्न गैरमजरूआ जमीनों की डिमांड खोल दी गई। शिकायतकर्ता ने इस पूरी प्रक्रिया को नियमों के विरुद्ध बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
नाबालिग बताकर जमीन लेने और गलत जमाबंदी का भी आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अपने गोतिया को नाबालिग दर्शाकर उसके हिस्से की जमीन हासिल करने और गलत तरीके से जमाबंदी कायम करने का काम किया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि अंचलाधिकारी के चिकित्सा अवकाश पर रहने के दौरान भी उनके डोंगल का इस्तेमाल कर 'परिमार्जन प्लस' पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन डिमांड कायम की गई। इसे राजस्व विभाग के स्थापित नियमों का उल्लंघन बताया गया है।
चिकित्सा अवकाश के दौरान दो जमीनों की डिमांड खोलने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, अंचलाधिकारी के चिकित्सा अवकाश के दौरान ही नोआवां मौजा में दाखिल-खारिज वाद संख्या 411/25-26 के तहत सत्येंद्र शर्मा, पिता कृष्णदेव शर्मा के नाम पर भाग-26, पृष्ठ-97 में डिमांड कायम की गई।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
शकुराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि अंचलाधिकारी और उनके पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है या आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
