Bihar News: गयाजी में सामूहिक पिंडदान कार्यक्रम, आतंकी हमले और महाकुंभ भगदड़ के मृतकों को दी श्रद्धांजलि
Pitru Paksha 2025 In Gaya Ji: गयाजी की पावन धरती पर सोमवार को उन आत्माओं के लिए सामूहिक पिंडदान किया गया, जिन्होंने आतंकी हमलों, भगदड़ और विभिन्न हादसों में अपनी जान गंवाई। विष्णुपद मंदिर स्थित देवघाट पर आयोजित इस अनुष्ठान में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
विस्तार
मोक्षधाम नगरी गया में सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों, प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के शिकार लोगों और अन्य आपदाओं में मृत व्यक्तियों के मोक्ष के लिए सामूहिक तर्पण, श्राद्ध और पिंडदान किया गया। यह अनुष्ठान विष्णुपद मंदिर स्थित देवघाट पर सुरेश नारायण मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से संपन्न हुआ।
आत्मा की शांति के लिए की गई प्रार्थना
सामूहिक पिंडदान के दौरान न केवल महाकुंभ और आतंकी हमले में मारे गए लोगों, बल्कि कोलकाता में महिला डॉक्टर की हत्या, अहमदाबाद विमान दुर्घटना में 241 मृतकों, बैंगलुरू में आरसीबी की जीत के बाद हुई भगदड़ में 11 मृतकों, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे हादसे में 18 मृतकों और देशभर में अन्य आपदाओं व दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए भी श्रद्धांजलि दी गई।
ये भी पढ़ें- Bihar Election: पीएम मोदी के बिहार आने से पहले दीपांकर भट्टाचार्य बोले- बिहार को नेपाल मत बनाइए
पिता की परंपरा को पुत्र ने आगे बढ़ाया
यह परंपरा वर्ष 2001 से चली आ रही है। पहले यह कर्मकांड स्व. सुरेश नारायण द्वारा कराया जाता था। उनकी मृत्यु के बाद अब उनके पुत्र और जदयू नेता चंदन सिंह इस आयोजन को आगे बढ़ा रहे हैं। चंदन सिंह ने बताया कि यह पिंडदान उन लोगों के लिए भी किया जाता है, जिनका कोई अपना कर्मकांड करने वाला नहीं होता। उन्होंने कहा कि यह कार्य समाज और मानवता के लिए समर्पित है और इसे आगे भी जारी रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bihar Exam: दरोगा अभ्यर्थियों पर पटना में लाठीचार्ज, सीएम हाउस जाने से पुलिस ने रोका, छात्र बोले- डटे रहेंगे