Bihar Crime: डबल मर्डर केस का खुलासा, पति-पत्नी की हत्या में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार, खून से सनी टीशर्ट बरामद
गयाजी जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दंपती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अवैध संबंधों की रंजिश में की गई इस दोहरी हत्या के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
गयाजी जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत चांपी गांव में हुए सनसनीखेज पति-पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियारों समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
सीनियर एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 दिसंबर को गया पुलिस को सूचना मिली थी कि शेरघाटी थाना क्षेत्र के चांपी गांव में एक दंपती की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही शेरघाटी-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं शेरघाटी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके का निरीक्षण कर घटनास्थल को सुरक्षित किया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
एसआईटी गठित की गई
मामले में शेरघाटी थाना कांड संख्या 523/25, दिनांक 26.12.2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। पुलिस उप-महानिरीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसमें शेरघाटी थाना के पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी एवं तकनीकी सेल के सदस्य शामिल थे।
अवैध संबंध की बात आई सामने
जांच के क्रम में आसूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने इस कांड में संलिप्त दो अभियुक्तों मनोज मांझी और रघुनी मांझी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान रघुनी मांझी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक प्रदीप यादव का मनोज मांझी की पत्नी के साथ अवैध संबंध था, जिसको लेकर मनोज और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी रंजिश के चलते मनोज मांझी ने रघुनी मांझी एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
ये भी पढ़ें- Indore: नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने किया इंदौर की तीन बस्तियों में वाॅटर ऑडिट, बोले-कई इलाकों में आ रहा गंदा पानी
खून से सना टी-शर्ट बरामद
योजना के तहत खलिहान में सो रहे प्रदीप यादव की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान मृतक की पत्नी ने सभी अभियुक्तों को पहचान लिया, जिसके बाद पहचान उजागर होने के डर से उसकी भी हत्या कर दी गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक चाकू, एक टांगी, दो मोबाइल फोन तथा घटना के दिन पहना गया खून से सना टी-शर्ट बरामद किया गया है। पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।