Bihar: बांग्लादेशी समझकर युवक की पिटाई, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार
मधुबनी के चकदह गांव में बांग्लादेशी समझकर युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ। जांच में युवक सुपौल का राजमिस्त्री निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चकदह गांव में 1 जनवरी 2026 को एक युवक को बांग्लादेशी समझकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति पर बांग्लादेशी होने का आरोप लगाते हुए उसके साथ शारीरिक रूप से प्रताड़ना और मारपीट करते नजर आ रहे थे। वीडियो के आधार पर मधुबनी पुलिस की मीडिया सेल द्वारा जांच की गई। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सत्यापन में यह घटना राजनगर थाना क्षेत्र के चकदह गांव की पाई गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पीड़ित व्यक्ति सुपौल जिले का मूल निवासी है और राजमिस्त्री का कार्य करता है। उसके बांग्लादेशी होने के सभी आरोप पूरी तरह निराधार और भ्रामक पाए गए।
पढ़ें: वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच कैथवलिया के लिए रवाना हुआ भव्य शिवलिंग, कुचायकोट में उमड़े श्रद्धालु
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा लगातार छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पंडौल थाना क्षेत्र से मुख्य आरोपी, जो वायरल वीडियो में मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है, को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को राजनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश मुखिया , शिव कुमार, दोनों निवासी चकदह, थाना राजनगर तथा तीसरे आरोपी प्रियांशु उर्फ लेख नारायण निवासी नंदनगर, थाना–राजनगर, जिला–मधुबनी के रूप में की गई है। पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं के आधार पर किसी के साथ हिंसा करना या कानून हाथ में लेना गंभीर अपराध है। ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों के खिलाफ मधुबनी पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।