Bihar: जमीन कारोबारी के अपहरणकर्ताओं के घर कुर्की, उधर आरोपियों का कोर्ट में सरेंडर; इस कारण हरकत में आई पुलिस
Darbhanga News: पुलिस ने बताया कि अभी तक की जांच से यह साफ हो चुका है कि मनीष यादव के अपहरण में इन तीनों आरोपियों की संलिप्तता है। लेकिन उनके ठिकाने का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी। पढ़ें पूरी खबर...।
विस्तार
दरभंगा जिले के सारा मोहनपुर निवासी जमीन कारोबारी मनीष यादव के अपहरण मामले में तीन महीने तक सुस्त दिखी पुलिस अब पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। मनीष यादव के लापता होने के इतने दिनों बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज उनकी पत्नी सुलेखा देवी ने एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देने की चेतावनी दी। इसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों के घर कुर्की जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- Bihar:सिर्फ आपको बुलाया था, पुलिस को क्यों लाए… कहकर युवक ने गंगा में लगा दी छलांग; प्रेमिका से हुआ था झगड़ा
आरोपियों के घर कुर्की की कार्रवाई शुरू
दरभंगा पुलिस ने जब रविवार को आरोपी रंजीत यादव के घर कुर्की की कार्रवाई के लिए कदम बढ़ाया, तो उसने हाजीपुर कोर्ट में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद सोमवार को पुलिस जब दूसरे आरोपी राजेश यादव के घर कुर्की करने पहुंची, तो उसने भी सरेंडर कर दिया। अब पुलिस दोनों आरोपियों को हाजीपुर से दरभंगा लाकर पूछताछ कर रही है। हालांकि अब तक दोनों ने यह खुलासा नहीं किया है कि मनीष यादव कहां हैं और किस स्थिति में हैं।
वहीं, सदर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि तीसरे आरोपी पंकज यादव के घर पर भी कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
समस्तीपुर में मिली थी आखिरी लोकेशन
सदर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि मनीष यादव नौ जनवरी से लापता हैं। उनके अपहरण के बाद से ही कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि मनीष यादव और तीनों आरोपियों की आखिरी मोबाइल लोकेशन समस्तीपुर में देखी गई थी। इसके बाद आरोपियों की लोकेशन जयनगर में ट्रेस हुई, लेकिन मनीष यादव का कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक पकड़े गए अपराधी यह नहीं बता रहे हैं कि मनीष यादव को कहां रखा गया था, या उनकी वर्तमान स्थिति क्या है।
यह भी पढ़ें- Bihar News:झूले पर बैठकर इश्क फरमा रहे थे प्रेमी-प्रेमिका, ग्रामीणों ने पकड़ कर पिटाई की और शादी करवा दी
रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
सदर डीएसपी ने बताया कि अभी तक की जांच से यह साफ हो चुका है कि मनीष यादव के अपहरण में इन तीनों आरोपियों की संलिप्तता है। लेकिन उनके ठिकाने का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी। इसके अलावा पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापामारी कर रही है, ताकि जल्द से जल्द मनीष यादव को बरामद किया जा सके।
क्या मनीष यादव जीवित हैं?
मनीष यादव की बरामदगी को लेकर अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, जिससे उनके परिजन और भी चिंतित हो गए हैं। उनकी पत्नी सुलेखा देवी और परिवार के अन्य सदस्य पुलिस से लगातार गंभीर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.