{"_id":"66e831abfc5e3db7ed0ca6ae","slug":"bihar-news-student-died-in-kasturba-girls-school-in-darbhanga-father-accuses-school-management-of-murder-2024-09-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: कस्तूरबा बालिका विद्यालय में छात्रा की मौत, पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया हत्या का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: कस्तूरबा बालिका विद्यालय में छात्रा की मौत, पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया हत्या का आरोप
Mon, 16 Sep 2024 06:55 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 16 Sep 2024 06:55 PM IST
सार
Darbhanga News: सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि बहेड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में एक बच्ची के आत्महत्या करने का मामला सामने आया था, जिसकी जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा मामले को संदिग्ध बताए जाने पर पोस्टमार्टम की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
छात्रा के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया हत्या का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरभंगा के बहेड़ी थानाक्षेत्र के नगर पंचायत स्थित कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय में 7वीं की छात्रा की बीती शाम हुई मौत का रहस्य गहरा गया है। दरअसल, रविवार की शाम को छात्रा संध्या कुमारी का शव विद्यालय की खिड़की से लटका हुआ मिला था। विद्यालय प्रशासन परिजनों को छात्रा द्वारा आत्महत्या करने की बात बता रहा है। लेकिन छात्रा के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल सदर एसडीओ की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, रविवार की शाम बहेड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा संध्या कुमारी का शव खिड़की से लटका हुआ मिला था। मृतका की पहचान बहादुरपुर थानाक्षेत्र के श्रीरामपुर पिपड़ा गांव के दीपक कुमार भारती और समता कुमारी की 13 वर्षीय बेटी संध्या कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद छात्रा को विद्यालय प्रशासन की ओर से बहेड़ी सीएचसी पहुंचाया गया था। जहां चिकित्सकों ने संध्या कुमारी को मृत घोषित कर दिया था।
विज्ञापन
मृतका के पिता दीपक कुमार भारती ने बताया कि मेरी बेटी संध्या कुमारी को स्कूल प्रबंधन ने हत्या कर शव को खिड़की से लटका दिया। बीती शाम को स्कूल की वार्डन रेखा मैडम ने सूचना दी कि आपकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी करीब डेढ़ वर्ष से इस स्कूल में पढ़ रही थी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया है। घटना का कारण पूछने पर बताया कि हो सकता है कि मेरी बच्ची ने स्कूल में हुई किसी घटना को देख लिया होगा, जिस कारण मेरी बच्ची की स्कूल में हत्या कर दी गई है।
विज्ञापन
इस मामले में सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि बहेड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में एक बच्ची के आत्महत्या करने का मामला सामने आया था, जिसकी जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा मामले को संदिग्ध बताए जाने पर पोस्टमार्टम की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को मजिस्ट्रेट बहाल कर दिया गया है। बच्ची का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में किया जाएगा।