बिहार: बेगूसराय होटल दुष्कर्म कांड का आरोपी समस्तीपुर से गिरफ्तार, मोहिउद्दीननगर में छिपा था; पूछताछ जारी
बेगूसराय के ब्लू डायमंड होटल में युवती से दुष्कर्म और मारपीट के आरोप में फरार चल रहे आरोपी रोहित कुमार को समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर से गिरफ्तार किया गया है। बेगूसराय और समस्तीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र से बेगूसराय के एक होटल में युवती के साथ दुष्कर्म और मारपीट के आरोप में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बेगूसराय और समस्तीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को दबोचा गया। पुलिस अब उसे अपने कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
यह मामला बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र स्थित ब्लू डायमंड होटल से जुड़ा है। मंगलवार को सामने आए वीडियो में एक युवक होटल के कमरे में युवती के साथ कथित तौर पर मारपीट करता दिखाई दे रहा था। युवती के परिजनों की शिकायत पर बेगूसराय नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी की पहचान रोहित कुमार के रूप में बताई है।
होटल के कमरे का वीडियो सामने आने के बाद मचा हड़कंप
घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया। वीडियो में युवक युवती के साथ मारपीट करता दिखाई देता है। पुलिस के अनुसार, युवती ने भी आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले की जांच शुरू होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार की बताई गई है और पीड़िता के परिवार ने सोमवार शाम पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई। बेगूसराय नगर थानाध्यक्ष ने आरोपी की पहचान रोहित कुमार के रूप में किए जाने की जानकारी दी है।
ये भी पढ़ें- बिहार: स्कूल परिसर में छात्रा से छेड़छाड़, विरोध किया तो मनचले ने की मारपीट; पुलिस तलाश में जुटी
मोहिउद्दीननगर में छिपे होने की मिली सूचना
जांच के दौरान आरोपी के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में छिपे होने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद बेगूसराय पुलिस ने समस्तीपुर पुलिस से संपर्क किया। दोनों जिलों की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी को मोहिउद्दीननगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों, होटल में उसके पहुंचने, युवती के साथ कथित वारदात और वीडियो बनाए जाने समेत अन्य बिंदुओं की पड़ताल कर रही है।