सांसद भोला सिंह ने पीएम पर जमकर निकाली भड़ास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार में भाजपा गठबंधन की करारी हार के लिए अब सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया जाने लगा है। पार्टी के दो वरिष्ठ नेता भोला सिंह और शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रचार अभियान के दौरान मोदी की भाषा और अमित शाह की गलत नीति को हार के लिए जिम्मेदार करार दिया है।
हालांकि, राजनाथ सिंह और अरुण जेटली जैसे दिग्गज नेताओं ने कहा है कि पार्टी मोदी, भागवत या अमित शाह की वजह से नहीं बल्कि लालू-नीतीश के सामाजिक समीकरण में भारी पड़ने से हारी है। मंगलवार को बेगूसराय से भाजपा सांसद भोला सिंह ने हार के लिए पीएम मोदी के अमर्यादित बोल को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अपने पद के स्तर की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने बड़बोले नेता गिरिराज सिंह को पार्टी का दुर्भाग्य करार दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य में हर नेता सीएम बनने के लिए बेकरार था। सेनापति हेलीकॉप्टर से उड़ रहे थे और कार्यकर्ता घरों में बैठे थे। कुरुक्षेत्र में कृष्ण-अर्जुन ही नहीं थे। स्थानीय नेताओं की अनदेखी की गई और बाहर से बुलाए गए नेता कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित नहीं कर पाए। सिंह के इस बयान का शत्रुघ्न ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भोला सिंह भाजपा के वरिष्ठ सांसद हैं, जबकि आरके सिंह देश के गृह सचिव रह चुके हैं। ऐसे में इनके बयान का महत्व है।
सिन्हा ने भी उठाए सवाल
सिन्हा ने कहा कि उन्हें भी जानबूझ कर चुनाव से दूर रखा गया। बाहरी लोगों को तवज्जो दी गई। सिन्हा ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि कुछ बड़े नेता पटना में कैंप करते रहे और अन्य राज्यों से लोगों को बुलाकर काफी पैसा भी खर्च हुआ। मगर उसके बावजूद भाजपा की ऐसी हार चिंता की बात है और जिम्मेदारी तो तय होनी ही चाहिए।
हालांकि इस हमले के तत्काल बाद पार्टी और सरकार पीएम मोदी के बचाव में उठ खड़ी हुई। गृह मंत्री राजनाथ सिंह और वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि हार के लिए पीएम मोदी, भागवत या किसी अन्य को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। पार्टी महागठबंधन के मजबूत सामाजिक समीकरण के कारण हारी।
जीत की तरह ही हार की भी जिम्मेदारी सामूहिक है। गौरतलब है कि इससे पहले सांसद हुकुमदेव नारायण यादव ने हार केलिए संघ प्रमुख को तो चंदन मित्रा ने शाह की रणनीति को जिम्मेदार ठहराया था।