Bihar Weather: गर्मी के बीच राहत की खबर, मौसम विभाग ने तिरहुत-मिथिला के इलाकों मे जारी किया बारिश का अलर्ट
Bihar News: स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए घर के अंदर तथा छायादार स्थानों पर रहें। अगर काम के लिए बाहर जाना आवश्यक हो तो कोशिश करें सुबह या शाम के समय ही जाएं। आरामदायक, सूती और हल्के रंग पतले और ढीले कपड़े पहनें।
विस्तार
बिहारवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिलने के आसार अगले 24 घंटे तक नहीं है। शुक्रवार को भी मौसम विज्ञान केंद्र ने लगभग आधे बिहार में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। पटना, गया, रोहतास समेत कई जिलों में झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। वहीं तिरहुल और मिथिलावासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर और दरभंगा जिले में एक या दो स्थानों पर दो से तीन घंटे के अंदर तेज हवा के साथ मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में दक्षिण पश्चिम बिहार, दक्षिण मध्य बिहार और दक्षिण पूर्व बिहार में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होने के आसार हैं। एक या दो स्थानों को छोड़कर बाकी सभी जगह मौसम शुष्क बने रहेंगे। पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर समेत आसपास के इलाकों में अधिक गर्मी पड़ेगी। एक दिन पहले यानी गुरुवार को किशनगंज और रक्सौल के कुछ इलाकों में बारिश हुई है। इससे गर्मी से लोगों को राहत मिली। आज सुबह से इन इलाकों में धूप छांव का खेल जारी है।
पटना में स्कूलों का समय बदला
इधर, गर्मी को देखते हुए पटना में स्कूलों का समय भी बदल दिया गया है। पटना जिलाधिकारी ने आठवीं तक की कक्षाओं को सुबह 11 बजे तक चलाने का ही निर्देश दिया है। पटना के जिलाधिकारी ने आदेश दिया कि अधिक तापमान, विशेष रूप से दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए सभी निजी या सरकारी विद्यालयों स्कूलों में कक्षा आठ तक एवं सभी कोचिंग संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों पर सुबह 11 बजे के बाद, प्री-स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्रों में 10 बजे के बाद गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। कोचिंग संस्थानों में शाम साढ़े चार बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जा सकता है। यह आदेश 16 जून तक प्रभावी रहेगा।
यह भी पढ़ें: वैशाली में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, एसटीएफ ने एक को मारी गोली, दूसरे को खदेड़ कर पकड़ा
जानिए, कहां कितनी गर्मी पड़ी
पिछले 24 घंटे में रोहतास सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गोपालगंज में 41.1, बक्सर में 40 डिग्री सेल्सियस वहीं औरंगाबाद में 40.2 डिग्री सेल्सियस, भोजपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस, सारण में 40.7 और गया 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना में भी अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.