Harsh Raj Patna: लॉ कॉलेज में छात्र नेता की हत्या का आरोपी चंदन यादव कर रहा था महागठबंधन प्रत्याशी का प्रचार
Tej Pratap Yadav : पटना लॉ कॉलेज में सोमवार को हुई हर्ष राज हत्याकांड में 24 घंटे के अंदर पुलिस ने कुख्यात चंदन यादव की गिरफ्तारी दिखाई। पुलिस ने उसे नकाब में दिखाया, लेकिन अब उसकी बेनकाब तस्वीर में वह महागठबंधन प्रत्याशी का प्रचार करता दिख रहा है।
विस्तार
पटना लॉ कॉलेज में 10-15 लड़कों ने घेरकर हर्ष राज की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह जब कुछ छात्रों ने हर्ष के पक्ष में सड़क पर उतरकर विरोध जताते हुए बवाल मचाया तब पुलिस ने हर्ष हत्याकांड मामले में अपनी उपलब्धी बताते हुए एक शख्स की गिरफ्तारी की घोषणा की। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये शख्स का नाम जरुर बताया, लेकिन साथ में दो उपनाम भी जोड़े- कुख्यात और लाइनर, लेकिन चेहरे की पहचान को छुपा लिया। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये शख्स को बिहटा के अम्हारा गांव निवासी जीतेन्द्र कुमार के पुत्र चंदन कुमार के रूप में सामने लाया है लेकिन चेहरे की पहचान अब तक छुपाये बैठी है। अब चाहे इसके पीछे पुलिस का जो भी तर्क हो, 'अमर उजाला' उस नकाब के पीछे छुपाये गये चेहरे को सामने ला रहा है।
एआईएसए से जुड़ा है चंदन यादव, संदीप सौरव के लिए मांग रहा था वोट
हर्ष की हत्या होने के बाद सबसे पहले राष्ट्रीय जनता दल ने सरकार को घेरा और हर्ष राज हत्याकांड में संलिप्त आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की। लेकिन अब जब तस्वीर साफ़ होने लगी है तब ऐसा लगता है कि हर्ष हत्याकांड पर सरकार को घेरने वाला महागठबंधन को खुद कटघरे में खड़ा होना होगा। क्योंकि हर्ष राज के सोशल अकाउंट पर चंदन यादव महागठबंधन के उम्मीदवार के लिए वोट मांगता दिख रहा है। चंदन के सोशल मीडिया अकाउंट के अनुसार वह छात्र संगठन आइसा (AISA) से जुड़ा है। तस्वीरों में वह नालंदा से वाम दल के उम्मीदवार पालीगंज विधायक संदीप सौरव के लिए वोट मांगता दिख रहा है। हालांकि 'अमर उजाला' के खबर का असर हुआ और आइसा (AISA) ने आरोपी चंदन कुमार यादव को पार्टी से निष्काषित कर दिया।
एआईएसए के उपाध्यक्ष के अलावे और क्या है चंदन यादव
आरोपी चंदन यादव के सोशल मीडिया अकाउंट के अनुसार वह पटना विश्वविद्यालय में पत्रकारिता का छात्र है। तृतीय वर्ष का छात्र होने के साथ ही वह छात्र संगठन AISA का पटना विश्वविद्यालय का उपाध्यक्ष भी है। वह दो वर्षों में जैक्सन हॉस्टल में रह रहा है। चंदन यादव महागठबंधन उम्मीदवार के लिए लोकसभा चुनाव में जगह-जगह घूम कर वोट मांग रहा था। 6 मार्च को फेसबुक पर उसने नालंदा लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार पालीगंज विधायक संदीप सौरभ के पक्ष में वोट मांगने की तस्वीर को पोस्ट किया था। वहीं 3 मार्च को पटना के गांधी मैदान में महागठबंधन द्वारा आयोजित जन विश्वास महारैली के दौरान भी चंदन यादव एक्टिव था। इससे जुड़ा वीडियो भी उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर मौजूद है। ऐसे में महागठबंधन की मुसीबत बढ़ सकती है।
तेजस्वी यादव ने की थी आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग
हर्ष हत्या कांड मामले में सोमवार को तेजस्वी तदव ने सरकार पर हमला करते हुए कहा था कि शहर में लगातार हत्याएं हो रही हैं, उनके परिजनों के प्रति हमारी संवेदना है। पूरी तरीके से दोषी को तुरंत गिरफ्तार कर के कार्रवाई करनी चाहिए। तेजस्वी यादव ने कहा कि ना सिर्फ पटना में बल्कि पूरे बिहार में जंगलराज की स्थिति हो गई है। आज कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के लोगों ने कोने में चुप्पी बना रखी है। इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और आरोपी पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.