Bihar News : पटना शहर में प्रवेश अब होगा आसान, नहीं मिलेगा बाइपास का जाम; 31 मार्च को यह प्रोजेक्ट हो रहा पूरा
Bihar News : उत्तर बिहार से पटना शहर आते समय भीषण जाम में घंटों फंसे रहने की परेशानी की मियाद अब शायद खत्म हो जाए। 31 मार्च को एक प्रोजेक्ट पूरा हो रहा है। उसके बाद बायपास पर कुछ दूर चलते ही दाएं चौड़े रास्ते में घुसेंगे और शहर में प्रवेश मिल जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने गुरुवार को दीघा से दीदारगंज तक बने 21 किलोमीटर लंबे जेपी गंगा पथ के अंतिम सेगमेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंगन घाट से दीदारगंज तक पांच किलोमीटर में बने पुल का भी जायजा लिया। मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि यह प्रोजेक्ट 31 मार्च तक पूरा हो जाएगा। इस निर्माण की विशेषता यह है कि यह रूट जेपी सेतु और छह लेन ब्रिज दोनों से जुड़ रहा है। इससे उत्तर बिहार से पटना आने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी, क्योंकि वर्तमान में दीदारगंज से शहर प्रवेश करने में दो घंटे का समय लगता है। इस कनेक्टिविटी से लोगों का समय बचेगा और यातायात में सुधार होगा। उन्होंने आगे बताया कि इस पैच को गाय घाट, अशोक राजपथ, पीएमसीएच, गांधी मैदान, अटल पथ समेत कई प्रमुख स्थानों से जोड़ा गया है, जिससे पटना में बढ़ते ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी। जल्द ही पटना घाट से भी इसकी कनेक्टिविटी की जाएगी।
डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को दोगुनी तेजी से करती
मंत्री नितिन नवीन ने यह भी कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को दोगुनी तेजी से करती है। इसलिए इस रूट पर आवागमन सुचारु करने के बाद इसके विस्तारीकरण पर काम किया जाएगा, जिसके तहत दीघा से कोईलवर और दीदारगंज से मोकामा तक नई कनेक्टिविटी बनाई जाएगी। इसके अलावा, इस पूरे पैच को मुख्यमंत्री समग्र उद्यान योजना से जोड़ा जाएगा, फिलहाल सात किलोमीटर तक के पैच को जोड़ा जाएगा, जिससे गंगा किनारे बना यह रूट सुविधा के साथ-साथ सुंदर भी दिखेगा। मंत्री के साथ बिहार राज्य पथ निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, अभियंता प्रमुख सुनील कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रवीण चंद्र गुप्ता, महाप्रबंधक अरुण कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
कंगन घाट से दीदारगंज तक आवागमन शुरू किया जाएगा
उल्लेखनीय है कि 24 जून, 2022 को दीघा से पीएमसीएच तक पहले चरण में आवागमन शुरू किया गया था। दूसरा चरण 14 अगस्त, 2023 को पीएमसीएच से गायघाट तक शुरू किया गया था। तीसरे चरण में 10 जुलाई, 2024 को कंगन घाट तक आवागमन शुरू किया गया था। अब चौथे चरण में कंगन घाट से दीदारगंज तक आवागमन शुरू किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था में और सुधार होगा।