Bihar News : गोपालगंज के निजी विद्यालय के छात्रावास में मासूम छात्र की हत्या, शिक्षक समेत सभी कर्मचारी फरार
Bihar News : अगर आप अपने बच्चे को किसी हॉस्टल में रख रहे हैं तो आपको यह खबर पढनी चाहिए।
एक निजी विद्यालय के छात्रावास में 6 साल के बच्चे की हत्या हो गई। घटना के बाद से विद्यालय के सभी कर्मी फरार हैं। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोपालगंज के निजी विद्यालय के छात्रावास में एक 6 वर्ष के बच्चे की हत्या हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर जब परिजन वहां पहुंचे तो उनलोगों ने देखा कि बच्चा के नाक और मुंह से खून निकल रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा ईंट भी बरामद किया है। साथ ही विद्यालय से प्रधानाचार्य सहित सभी कर्मचारी फरार हो चुके थे। घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र के न्यू ज्ञान लोक कॉम्पिटीशन स्कूल की है। मृतक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के कुसहा गांव निवासी देवेंद्र सिंह के बेटे आर्यन कुमार सिंह (6) के रूप में की गई है। बच्चे के पिता सऊदी में रहते हैं। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था।
27 दिन पहले नर्सरी क्लास में हुआ था नामांकन
आर्यन के मामा पंकज सिंह का कहना है कि आर्यन का नर्सरी क्लास में नामांकन 22 जुलाई को कराया गया था। शनिवार की सुबह 8 बजे स्कूल से कॉल आया कि आपके बच्चे की तबीयत खराब है, जल्दी आ जाइए। तबियत ख़राब की सूचना मिलते ही हमलोग विद्यालय पहुंचे, तो देखे कि आर्यन की खून से लथपथ लाश जमीन पर पड़ी हुई थी। उन्होंने कहा कि आर्यन के गले पर निशान भी था। उसे देखकर ऐसा लग रहा था कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। उसके सिर पर भी चोट के निशान थे।
विद्यालय के शिक्षक ने कहा -हत्या हुई है
परिजनों के आरोप पर शिक्षक का कहना है कि यहां से कोई फरार नहीं हुआ है। प्रिंसिपल, दो टीचर, डायरेक्टर सब बच्चे के साथ हैं। उसे हथुआ अस्पताल में मृत घोषित किया गया है। शिक्षक ने कहा कि बच्चे को मारा गया है। उसका नाक दबा हुआ था, सिर से खून बह रहा था। नाक और मुंह से खून बह रहा था। शरीर पर कई काले निशान थे। बच्चे को किसने मारा यह नहीं बता सकते हैं। पांच साल के बच्चे की किसी से दुश्मनी हो यह मुमकिन नहीं।
अन्य बच्चों को वापस घर ले गए परिजन
न्यू ज्ञान लोक कॉम्पिटीशन स्कूल में 461 बच्चे पढ़ते हैं। आर्यन के हॉस्टल में 85 छात्र हैं। इस घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल में मौजूद अन्य बच्चों के परिजन विद्यालय पहुंचे और सभी अपने अपने बच्चों को वापस घर ले गए। एक बच्चे के परिजन संतोष सिंह ने कहा कि यहां हॉस्टल की व्यवस्था ठीक नहीं लग रही है इसलिये मैं अपने बच्चे को यहां से ले जा रहा हूं।
जांच में जुटी पुलिस
मुख्यालय डीएसपी ज्योति कुमारी का कहना है कि न्यू ज्ञानलॉक कंपटीशन स्कूल है। इसमें आवासीय विद्यालय भी संचालित किया जाता है। आर्यन नर्सरी क्लास में पढ़ता था। फिलहाल विद्यालय के सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देखने से यह प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल हत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है। मौके से ईंट मिली है, जिसपर खून लगा है। किनारे में बच्चे का थोड़ा सा ब्लड गिरा है। प्रतीत हो रहा कि उसी ईंट से उसकी हत्या की गई है। वहीं एसपी स्वर्ण प्रभात का कहना है कि हथुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। घटनास्थल से एक ईंट बरामद हुआ है, जिसमें खून लगा है। पुलिस बहुत जल्द मामले का खुलासा कर देगी।