Bihar News : रामनवमी और ईद पर शिक्षकों को मिलेगी या नहीं छुट्टी; जानें शिक्षा विभाग के आदेश का अंतिम हश्र
KK Pathak : अब अपर मुख्य सचिव केके पाठक के मातहत चल रहे बिहार के शिक्षा विभाग ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति से दी गई छुट्टी के आदेश को फर्जी करार दिया है। इस घटनाक्रम के बाद राज्य सरकार ने बीच का रास्ता निकाल छुट्टी करा दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए विमुक्ति लेकर भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बिहार सरकार को छोड़ नहीं रहे हैं। इस बार सीधे मुख्यमंत्री के आदेश को ही फर्जी बता दिया गया है। सोमवार को शिक्षा विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया था कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद रामनवमी और ईद पर शिक्षकों को अवकाश दिया गया है और अब शिक्षा विभाग की ओर से ही स्पष्टीकरण दिया गया है कि वह आदेश फर्जी है। जब सरकार के अफसरों ने ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संज्ञान पर जारी आदेश को फर्जी बताया और यह वायरल हो गया तो राज्य सरकार ने बीच का रास्ता निकालते हुए प्रशिक्षक इकाई से ही प्रशिक्षण रद्द रखने का आदेश जारी करा छुट्टी कर दी।
सीएम के आदेश को फर्जी बताया जाना वायरल
नौ अप्रैल यानी आज शिक्षा विभाग की ओर से एक पत्र वायरल हो रहा है। माध्यमिक शिक्षा के निदेशक कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव की ओर से जारी किए गए इस पत्र कहा गया है कि सोशल मीडिया पर शिक्षा विभाग से संबंधित एक प्रेस नोट वायरल किया गया है। इसमें 10 और 11 अप्रैल को 2024 (ईद) एवं 17 अप्रैल (रामनवमी) के अवसर पर अवकाश घोषित किया गया है। शिक्षा विभाग ने कहा कि इस तरह का कोई भी प्रेस नोट विभाग की ओर से जारी नहीं किया गया है। यह प्रेस नोट पूर्णत: भ्रामक और फर्जी है। शिक्षा विभाग ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया
शिक्षा विभाग की ओर से जारी पत्र के बाद अब राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से पत्र जारी किया गया है। संयुक्त निदेशक सुषमा कुमारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों एवं एससीईआरटी में छह दिवसीय प्रशिक्षण क्रमवार संचालित है। संचालित प्रशिक्षण के क्रम में 11 अप्रैल को ईद और 17 अप्रैल को रामनवमी है। इस दिन राजपत्रित अवकाश घोषित है। इसलिए 11 और 17 अप्रैल को प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। प्रशिक्षण फिर से अगले दिन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।