Bihar News : सुबह-सुबह दो बड़े हादसों ने चार युवकों की जान ली; इस मौसम में संभल कर सड़क पर निकलें, जान बचाएं
बुधवार सुबह पटना और भोजपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें कुल चार लोगों की मौत हो गई। वहीं लोगों की हालत गंभीर है।
विस्तार
ठंड का मौसम आ चुका है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम होती है। वाहन चालक की थोड़ी सी लापरवाही जान ले लेती है। मंगलवार को मुजफ्फरपुर और नालंदा में हादसे में 6 लोगों ने जान गंवाई थी। बुधवार सुबह पटना और भोजपुर भी भी भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें कुल चार लोगों की मौत हो गई। वहीं लोगों की हालत गंभीर है। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। इधर, हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इधर, परिवहन विभाग ने लोगों से सुबह-सुबह वाहन चलाते वक्त काफी सावधान बरतने की अपील है।
पटना में हादसा, दो की मौत
पटना के नेउरा में बुधवार की सुबह एक कार ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में दो युवक की मौत हो गई। वहीं एक युवक की हालत गंभीर है।बताया जा रहा है कि तीन युवक बाइक से बुधवार की सुबह खगौल से बिहटा की तरफ शादी में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। दूसरी तरफ से एक तेज रफ्तार से इनोवा गाड़ी (UP 81T 0385- असद अली ने नाम से रजिस्टर) बिहटा से पटना की तरफ आ रही थी। नेहुरा गंज के नजदीक इनोवा गाड़ी ने मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों को कुचल डाला। हादसा इतना भीषण था कि इनोवा गाड़ी भी अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में गिर गई। हादसे के बाद गाड़ी में सवार लोग फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं हादसे में बाइक सवार सिद्धार्थ कुमार ,मोहित राज एंव शिवम सिंह बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सिद्धार्थ कुमार एवं मोहित राज की मौत हो गई, जबकि शिवम सिंह बुरी तरह घायल अभी भी जिंदगी मौत के बीच जूझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के बाद बिहटा, नेहरा खगौल मार्ग पर घंटे गाड़ियों की लंबी जाम लगी रही।
आरा-बक्सर एनएच 922 हादसा, दो दोस्तों की मौत
भोजपुर में शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे बाइक सवार तीन दोस्तों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इनका एक साथी बुरी तरह से घायल हो गया है। इसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव के समीप आरा-बक्सर एनएच 922 पर हुई है। घटना के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर घटनास्थल से फरार भी हो गया। मरने वालों की पहचान बक्सर जिला के डुमरांव थाना क्षेत्र के बनहैजी डेरा गांव निवासी मंटू चौधरी के पुत्र आलोक कुमार (16) और उसी गांव के निवासी मदन चौधरी का पुत्र बिट्टू कुमार (16) के रूप में हुई। वहीं घायल बनहैजी डेरा गांव निवासी सरल चौधरी का पुत्र अर्जुन चौधरी (18) है।